रोहतास: डॉ. बीसी रॉय ट्रॉफी के लिए बिहार जूनियर फुटबॉल टीम घोषित, गोविंदा साहनी को मिली कप्तानी; राजस्थान से पहला मुकाबला
फोटो कैप्शन. डॉ बीसी रॉय ट्रॉफी 2026 के लिए चयनित बिहार फुटबॉल टीम के खिलाड़ी एवं टीम अधिकारी. | Prabhat Khabar Network
डॉ बीसी रॉय ट्रॉफी 2026 के लिए बिहार फुटबॉल टीम की घोषणा कर दी गई है। गोविंदा कुमार साहनी को टीम का कप्तान बनाया गया है। पूरी टीम की जानकारी यहाँ देखें।
Rohtas News : डॉ. बीसी रॉय ट्रॉफी 2026 के लिए बिहार जूनियर फुटबॉल टीम की घोषणा कर दी गयी है. बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में पटना के दानापुर आर्मी कैंट में आयोजित प्रशिक्षण सह चयन शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर 20 सदस्यीय टीम का चयन किया गया. टीम की कमान गोविंदा कुमार साहनी को सौंपी गयी है.
आपके शहर में
20 खिलाड़ियों को टीम में मिली जगह
बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के संयोजक राहुल सिंह ने बताया कि चयनित टीम में बादल कुमार, बरुण कुमार, गोविंदा कुमार साहनी, भारत कुमार, नितेश कुमार, राज कुमार, रवि कुमार, रौनक कुमार सिंह, प्रभात कुमार, रजकिशोर उरांव, राकेश बसकी, दिव्यांश कुमार, आकाश कुमार, स्नेहन चौहान, सानू किस्कू, शनि कुमार, अविनाश कुमार, आदित्य कुमार, अमन कुमार और स्वदेश सिंह शामिल हैं. रौनक कुमार सिंह और दिव्यांश कुमार को गोलकीपर के रूप में टीम में जगह दी गयी है.
संतोष कुमार सिंह होंगे हेड कोच
टीम के हेड कोच संतोष कुमार सिंह और मैनेजर सैयद बेलाल अहमद होंगे. प्रशिक्षण सह चयन शिविर के दौरान दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने, उनका मार्गदर्शन करने और प्रतियोगिता के लिए टीम तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. टीम चयन के बाद दोनों अधिकारी खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गये हैं.
1 सितंबर को राजस्थान से होगा पहला मुकाबला
राहुल सिंह ने बताया कि बिहार की टीम डॉ. बीसी रॉय ट्रॉफी 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 1 सितंबर को राजस्थान के खिलाफ करेगी. इसके बाद 3 सितंबर को उत्तराखंड और 5 सितंबर को झारखंड से मुकाबला होगा. तीनों ग्रुप मैच छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिला स्थित रामकृष्ण आश्रम फुटबॉल खेल मैदान में खेले जाएंगे.
बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम पहुंचेगी फाइनल राउंड में
ग्रुप मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी. बिहार फुटबॉल एसोसिएशन के संयोजक राहुल सिंह ने चयनित खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि बिहार की युवा टीम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी.
बिधान चंद्र राय के नाम पर होती है प्रतियोगिता
डॉ. बीसी रॉय का पूरा नाम बिधान चंद्र राय था. वह वर्ष 1948 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने थे. उन्हीं के नाम पर डॉ. बीसी रॉय ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए