रोहतास: शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टार्टअप समारोह, 400 छात्रों ने समझी ‘आइडिया से बाजार’ तक की पूरी कहानी

Updated:
विज्ञापन

स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस कार्यक्रम का उदघाटन करते उद्योग प्रबंधक व अन्य | Prabhat Khabar Network

सासाराम के शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्व उद्यमिता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, तीन स्टार्टअप के उत्पादों का हुआ लोकार्पण और छात्रों को मिली नई सीख।

विज्ञापन

Rohtas News : विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शेरशाह इंजीनियरिंग कॉलेज में युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से ‘स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला उद्योग महाप्रबंधक आशीष रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसमें कॉलेज के करीब 400 विद्यार्थी और शिक्षक शामिल हुए.

आपके शहर में

विज्ञापन

तीन स्टार्टअप के उत्पादों का हुआ लोकार्पण

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तीन स्टार्टअप के उत्पादों का विधिवत लोकार्पण रहा. विद्यार्थियों को एक विचार के जन्म लेने से लेकर उसे उत्पाद में बदलने और फिर बाजार तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया गया. कार्यक्रम में राजुद्दन के संस्थापक सुमित कुमार, एआई होम्योपैथी उपचार के संस्थापक मंतश कुमार और दवा एक्सप्रेस के प्रतिनिधियों समेत कई स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल हुए.

संस्थापकों ने साझा किया स्टार्टअप का अनुभव

स्टार्टअप संस्थापकों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि कारोबार शुरू करने के शुरुआती दौर में किस तरह की चुनौतियां सामने आती हैं और ग्राहकों तक पहुंच बनाने के लिए किन रणनीतियों की जरूरत होती है. विद्यार्थियों को उत्पाद की गुणवत्ता के साथ बाजार की जरूरत को समझने पर भी जोर दिया गया.

रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाला बनें : प्राचार्य

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए. उन्हें अपने विचार और प्रतिभा के दम पर रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए. नवाचार और उद्यमिता के जरिए युवा अपने विचारों को कारोबार का रूप देकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.

सही उत्पाद के साथ सही बाजार जरूरी : महाप्रबंधक

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आशीष रंजन ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता के लिए अच्छा उत्पाद बनाना जितना जरूरी है, उतना ही महत्वपूर्ण उसे सही ग्राहक और सही बाजार तक पहुंचाना है. उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और बाजार के अवसरों का लाभ उठाकर अपने उद्यम को विस्तार देने की अपील की.

‘विचार से उद्यम’ तक की समझ मिली

कार्यक्रम की रूपरेखा और ‘बाजार तक पहुंच’ की अवधारणा को फैकल्टी प्रभारी शैलेश सौरभ ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समझाया. उन्होंने उत्पाद तैयार करने, बाजार में उतारने, ब्रांड बनाने और कारोबार विस्तार के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी.

स्टार्टअप सेल समन्वयक नीतीश दुबे ने कहा कि सेल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ स्टार्टअप की जानकारी देना नहीं है, बल्कि उन्हें ‘विचार से उद्यम’ और ‘उत्पाद से बाजार’ तक की पूरी यात्रा समझाना है.


स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस कार्यक्रम का उदघाटन करते उद्योग प्रबंधक व अन्य | Prabhat Khabar Network
स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस कार्यक्रम का उदघाटन करते उद्योग प्रबंधक व अन्य | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन