सारण: सिद्धिविनायक मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 21-21 किलो के छह लड्डू बने आकर्षण का केंद्र
सिद्धिविनायक मंदिर मठिया फतेहपुर में भगवान गणेश का दर्शन करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
सारण के सिद्धिविनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. बिहार के विभिन्न जिलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए. 21-21 किलो के छह विशाल लड्डू श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे.
Saran News : सीमावर्ती दरियापुर प्रखंड के फतेहपुर चैन पंचायत के मठिया फतेहपुर गांव स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना हुई. पूजा को लेकर बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे. इस दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजता रहा.
बिहार के कई जिलों से दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
दिघवारा, दरियापुर, गड़खा, परसा, सोनपुर, छपरा समेत कई जिलों से श्रद्धालु सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे और भगवान गणेश का दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. दोपहर बाद पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा शुरू हुई.
पूजा के दौरान भगवान गणेश को विशेष वस्त्र पहनाकर लड्डू का भोग अर्पित किया गया. मंदिर में श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए नवयुवक पूजा समिति के स्वयंसेवक व्यवस्था संभालते रहे और भक्तों को हरसंभव सहयोग दिया.
21-21 किलो के छह लड्डू रहे आकर्षण का केंद्र
भगवान गणेश को अर्पित करने के लिए 21-21 किलो के छह विशाल लड्डू तैयार किये गये थे. ये लड्डू श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे. मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच समिति की ओर से प्रसाद का वितरण भी किया गया.
गणेश चतुर्थी को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी से मंदिर परिसर की सुंदरता देखते ही बन रही थी. मंदिर के आसपास भव्य मेले का भी आयोजन किया गया, जिसका श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने खूब आनंद उठाया.
छह दिनों तक चलेगा गणेश महोत्सव
सिद्धिविनायक मंदिर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर छह दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया है. महोत्सव के दौरान प्रत्येक दिन भगवान गणेश को 21 किलो के एक विशाल लड्डू का भोग लगाया जायेगा. इसके साथ ही हर दिन विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
दूर-दराज से दर्शन के लिए पहुंचते हैं श्रद्धालु
सिद्धिविनायक मंदिर जिले के प्रमुख और आकर्षक गणेश मंदिरों में शामिल है. गणेश चतुर्थी के अवसर पर यहां दूर-दराज से श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. भक्त भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और पारिवारिक खुशहाली की कामना करते हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए