सारण के परसा में ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर शांति समिति की बैठक, जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य
परसा थाना परिसर में सीओ अनुज कुमार के अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित
Peace Committee Meeting: आगामी ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर सारण में शांति समिति की बैठक हुई. अधिकारियों ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की. जुलूस और कार्यक्रमों के लिए प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा.
Peace Committee Meeting: आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर सारण जिला प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को परसा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी अनुज कुमार ने की. इसमें थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया.
आपके शहर में
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
बैठक के दौरान ईद-ए-मिलादुन्नबी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने लोगों से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की. साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की बात कही गयी.
सीओ अनुज कुमार ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के अवसर पर सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी प्रकार की भ्रामक अथवा अफवाह वाली सूचना मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दें. सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
जुलूस और कार्यक्रम के लिए लाइसेंस जरूरी
सीओ ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह का जुलूस अथवा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा. बिना अनुमति के किसी प्रकार का आयोजन नहीं किया जाए. जुलूस और कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की भी अपील की गयी.
पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क
अपर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि ईद-ए-मिलादुन्नबी आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला अवसर है. इसलिए सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. उन्होंने आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की जानकारी मिलने पर लोग तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बैठक में एएसआई प्रमोद कुमार मेहता, रंजीत कुमार सिंह, मोहम्मद हुसैन, जफर अली, मोहम्मद आदम अली, खुर्शीद आलम, मोहम्मद शमसुद्दीन, नसीमुल हक, मोइन अली, पप्पू आलम, मोहम्मद मुश्ताक, मोहम्मद अरशद अली समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे.
बैठक के अंत में प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों ने सभी लोगों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद-ए-मिलादुन्नबी मनाने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए