सारण रजिस्ट्री ऑफिस में अब होंगे तीन हेल्पडेस्क, चालान जमा करने की टाइमिंग बढ़ी

Updated:
विज्ञापन

निबंधन कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम

छपरा निबंधन कार्यालय में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए. अब तीन हेल्पडेस्क होंगे और चालान जमा करने की समय सीमा बढ़ाई गई है.

विज्ञापन

Registration Office:जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निबंधन प्रक्रिया, विभिन्न काउंटरों, आम नागरिकों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं तथा वर्तमान ऑनलाइन एवं पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के बाद डीएम ने कहा कि पुराने कागजी और अधिक प्रक्रियात्मक तरीके की तुलना में वर्तमान पेपरलेस व्यवस्था आमजन के लिए अधिक सरल, सहज, पारदर्शी और सुविधाजनक है. उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीएम ने आम लोगों से लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निबंधन कार्यालय में मौजूद आम नागरिकों और रैयतों से सीधे संवाद किया. उन्होंने निबंधन प्रक्रिया में होने वाली कठिनाइयों, उपलब्ध सुविधाओं और लोगों की अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त सुझावों और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य प्रक्रिया को बनाना आसान

जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कागज का उपयोग कम करना नहीं है, बल्कि निबंधन की पूरी प्रक्रिया को कम समय, कम परेशानी और अधिक पारदर्शिता के साथ पूरा कराना है. इसके लिए नागरिकों को आवेदन से लेकर निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक प्रत्येक चरण की स्पष्ट जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होनी चाहिए.

मे आई हेल्प यू काउंटर को और बेहतर बनाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उन्होंने इसे आमजन के लिए और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए खिड़की में स्लाइडिंग की व्यवस्था करने तथा बाहर की ओर अतिरिक्त काउंटर विकसित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले नागरिकों को प्रारंभिक स्तर पर ही सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से विभिन्न काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.

सरल भाषा में प्रदर्शित होगी निबंधन की पूरी प्रक्रिया

डीएम ने निबंधन की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाने के लिए फ्लो चार्ट तैयार कर होर्डिंग या फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. इसमें ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क, सत्यापन, पेपरलेस प्रक्रिया और निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया को क्रमवार प्रदर्शित किया जाएगा.

उन्होंने सभी लिपिकों और संबंधित कर्मियों को निबंधन प्रक्रिया तथा आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया. पब्लिक इंटरेक्शन वाले काउंटरों पर प्रशिक्षित और व्यवहार कुशल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पेपरलेस प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शंका का समाधान नागरिकों को मौके पर ही मिल सके.

तीन हेल्पडेस्क बनाने का आदेश

जिला पदाधिकारी ने हेल्पडेस्क की व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए तीन हेल्पडेस्क सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट, निर्धारित शुल्क, प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा.

उन्होंने अक्सर पूछे जाने वाले सवालों और सामान्य शंकाओं से संबंधित जानकारी का विशेष होर्डिंग या फ्लेक्स कार्यालय के बाहर प्रदर्शित कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड के समीप टीवी स्क्रीन लगाने को कहा. स्क्रीन पर निबंधन प्रक्रिया, फ्लो चार्ट और आवश्यक दिशा-निर्देश लगातार प्रदर्शित किये जाएंगे.

आरटीआई और आंतरिक कार्यों के काउंटर अलग करने का निर्देश

डीएम ने आरटीआई काउंटर और संचिकाओं के निष्पादन जैसे आंतरिक कार्यों से जुड़े काउंटरों को पब्लिक इंटरेक्शन वाले स्थान से अलग कर कार्यालय के अंदर की ओर व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य नागरिकों के लिए बनाये गये सेवा काउंटरों पर बेहतर और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करना है.

स्पॉट और जीपीएस आधारित फोटो की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पॉट फोटो और जीपीएस आधारित फोटो से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी ली. अवर निबंधक अभिषेक सिंह ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत संबंधित प्रक्रिया में जीपीएस आधारित फोटो अनिवार्य है तथा ऑनलाइन पेपरलेस व्यवस्था लागू है.

चालान जमा करने की समयावधि बढ़ी

राशि जमा करने और चालान जमा करने की प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चालान जमा करने की समयावधि बढ़ाने का निर्देश दिया. अब चालान जमा करने का समय दोपहर 3:30 बजे से बढ़ाकर 4:00 बजे तक किया जाएगा. इससे निबंधन कराने वाले नागरिकों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.

डीएम ने खुद रैयत को सौंपा पेपरलेस डीड

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने स्वयं एक रैयत को निबंधित डीड के कागजात सौंपे. उन्होंने दस्तावेज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी समीक्षा की. आमजन को बेहतर गुणवत्ता में दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कलर प्रिंटर की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने चालान काउंटर का भी निरीक्षण किया तथा इसे आमजन की सुविधा के अनुरूप अधिक व्यवस्थित और सुलभ बनाने का निर्देश दिया.

डीएम ने कहा कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब नागरिकों को निबंधन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित शुल्क, समय-सीमा और अन्य जरूरी जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो. उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जिला निबंधन कार्यालय में आमजन की सुविधा, पारदर्शिता और सम्मानजनक सेवा वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन