जयप्रकाश विश्वविद्यालय के छात्रों को राहत, 24 अक्टूबर तक भरा जाएगा पीजी फोर्थ सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म
जेपीयू का प्रशासनिक भवन| Prabhat Khabar Network
जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने पीजी चौथे सेमेस्टर सत्र 2023-25 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 24 अक्टूबर कर दिया है. परीक्षा 28 अक्टूबर से शुरू होगी.
जयप्रकाश विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने पीजी फोर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-25 की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तिथि विस्तारित कर दी है. पहले फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक निर्धारित थी. लेकिन छात्रहित को ध्यान में रखते हुए अब 24 अक्टूबर तक परीक्षा फॉर्म भरा जायेगा.
परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने इस संदर्भ में नोटिफिकेशन जारी किया है. उन्होंने बताया कि परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन मोड में भरा जा रहा है. छात्र-छात्राएं ऑनलाइन मोड में फॉर्म भरने के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभागों में उसे सत्यापित कराएंगे. इसके बाद छात्रों का फार्म स्वीकृत कर लिया जायेगा.
फॉर्म भरने से संबंधित सभी जानकारियां विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर उपलब्ध है. विश्वविद्यालय में 17 से 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा को लेकर अवकाश रहेगा. अब विश्वविद्यालय 22 अक्टूबर को खुलेगा. इस बीच छात्र-छात्राएं ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे और विश्वविद्यालय खुलते ही संबंधित पीजी विभागों तथा पीजी कॉलेजों में जाकर अपने परीक्षा फार्म का वेरिफिकेशन कर लेंगे.
28 अक्टूबर से शुरू होगी पीजी फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा
परीक्षा विभाग ने पीजी फोर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-25 की परीक्षा का शेड्यूल पूर्व में ही जारी कर दिया गया है. फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 28 से 30 अक्टूबर तक दो पालियों में आयोजित की जायेगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी. जबकि दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है.
इस परीक्षा के लिए पीजी के सभी विषयों को दो ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, कॉमर्स, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, दर्शनशास्त्र तथा हिंदी शामिल है. जबकि ग्रुप बी में गणित, केमिस्ट्री, भौतिकी, जूलॉजी, बॉटनी, गृह विज्ञान, मनोविज्ञान तथा भूगोल को रखा गया है.
पहली पाली में ग्रुप ए तथा दूसरी पाली में ग्रुप बी के विषयों की परीक्षा निर्धारित शेड्यूल पर होगी. 30 अक्टूबर को मुख्य विषयों की परीक्षा समाप्त होने के बाद तीन से छह नवंबर के बीच पीजी कॉलेजों में प्रायोगिक परीक्षा ली जायेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
