सारण की बदहाल सड़क पर ग्रामीणों ने की धान की रोपनी, सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनोखा प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

धान की रोपनी करता ग्रामीण एवं ब्यवसायी | Prabhat Khabar Network

Saran Road Protest: सारण के इसुआपुर में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपनी कर प्रदर्शन किया. लोगों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

Saran Road Protest: सारण जिले के इसुआपुर प्रखंड में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. इसुआपुर एसएच-90 से बिशनपुर श्याम कौड़िया होते हुए एसएच-73 को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों और व्यवसायियों ने सड़क पर धान की रोपनी कर विरोध प्रदर्शन किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

ग्रामीणों का कहना है कि कीचड़ और पानी से लबालब भरी इस सड़क पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं है. दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है.

वर्षों से सड़क निर्माण की मांग, नहीं मिला समाधान

प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण अख्तर हुसैन चांद, मदन सिंह, पप्पू कुमार, सगीर आलम, सवालिया सिंह, रामदेव महतो, हीरा महतो, कपिल देव राम, चंद्रिका राम, अच्छेलाल महतो, वसीम अकरम, राधेश्याम, हैदर इमाम, महेश शाह, मोहम्मद अली, तहसील आलम, नूर आलम और गुरदेली बैठा समेत अन्य लोगों ने बताया कि वे कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं.

ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में स्थानीय विधायक जनक सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधियों, मुखिया और बीडीओ से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है.

'गोद लिए गांव को भी नहीं मिली सड़क'

ग्रामीणों ने बताया कि बिसुनपुरा गांव को विधायक जनक सिंह ने गोद लिया है. इसके बावजूद गांव और आसपास के इलाके की सबसे महत्वपूर्ण सड़क आज भी बदहाल स्थिति में है. लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर बार-बार मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं की गई.

बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इसुआपुर बाजार आते-जाते हैं. बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से लोग अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि मोटरसाइकिल सवारों के लिए भी यह सड़क दुर्घटना का कारण बन चुकी है. आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की बदहाली के खिलाफ धान की रोपनी कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया है. यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी.

Also Read : सारण : मढ़ौरा के गोला रोड पर जलजमाव से लोग परेशान, नगर पंचायत से लगाई गुहार



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन