छपरा जंक्शन का प्लेटफार्म-1 बना वाहन स्टैंड, अधिकारियों के ऑफिस के पास ही लग रहा जमावड़ा
छपरा जंक्शन पर खड़ी बाइक | Prabhat Khabar Network
छपरा जंक्शन, जो 'ए' ग्रेड स्टेशन है, वहां सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्लेटफार्म पर बाइक्स की पार्किंग हो रही है, जबकि आम लोगों पर तुरंत कार्रवाई होती है। स्टेशन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
Chhapra Junction : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन वाराणसी मंडल के 'ए' ग्रेड स्टेशनों में शामिल है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं की बात तो दूर जंक्शन की सुरक्षा को भी ताक पर रख दिया गया है. जंक्शन के प्लेटफार्म पर और वह भी जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय के सामने प्लेटफार्म पर बाइक्स की पार्किंग की जा रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होती. ऐसे में इस पार्किंग का लाभ असामाजिक तत्व या देश विरोधी संगठन आसानी से उठा सकते हैं.
आपके शहर में
आम आदमी पर कार्रवाई तुरंत, लेकिन कर्मियों पर क्यों नहीं
छपरा जंक्शन के नो पार्किंग एरिया में जब कोई व्यक्ति अपने संबंधियों को स्टेशन तक छोड़ने के लिए कुछ मिनट के लिए ही वाहन खड़ा करता है तो तुरंत उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है, या फिर उसके साथ गलत व्यवहार किया जाता है. लेकिन हद तो तब हो जाती है जब रेलवे के ही विभिन्न एजेंसियों के कर्मी या अधिकारी पूरी ठसक के साथ प्लेटफार्म पर स्थित अपने ही कार्यालय के सामने प्लेटफार्म पर बाइक्स खड़ी करते हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती.
सर्कुलेटिंग एरिया की तरह प्लेटफार्म पर भी कार्रवाई की जरूरत
मंडल रेल प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे और सीनियर डीसीएम ने छपरा जंक्शन के बाहर एक बहुत ही अच्छी पहल की है कि कैंपस में कोई भी सवारी गाड़ी नहीं खड़ी की जा रही है. और बिल्कुल साफ सुथरा कैंपस दिखता है. इससे लोगों को काफी सहूलियत हो रही है. यात्रियों और आम लोगों का यह भी कहना है कि जिस तरह से सर्कुलेटिंग एरिया में कार्रवाई हुई है, वैसे ही प्लेटफार्म पर बाइक्स खड़ी करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही होनी चाहिए.
प्लेटफार्म पर यहां बन गया है अवैध स्टैंड
- रेलवे पार्सल कार्यालय के आसपास
- रेलवे मेल सर्विस डाक कार्यालय के आसपास
- सामादि कार्यालय के आसपास
- डीसीआई कार्यालय के आसपास
- सीआईबी कार्यालय के आसपास
- जीआरपी कार्यालय के आसपास
- फुट ओवर ब्रिज के आसपास
क्या बोले अधिकारी
जंक्शन की सुरक्षा के लिहाज से प्लेटफार्म पर कोई भी बाइक्स या वाहन खड़ा करना नियम विरुद्ध है. ऐसा यदि किया जा रहा है तो संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए आदेश प्रेषित करवाया जा रहा है. हिमांशु कुमार राव, मुख्य प्रचार निरीक्षक, वाराणसी मंडल
इस मामले को गंभीरता से लिया गया है. कार्रवाई शुरू कर दी गई है हर दिन 10 से 12 लोगों के खिलाफ चालान जारी की जा रही है. आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. विनोद कुमार यादव, आईपीएफ, छपरा जंक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए