समस्तीपुर में जमुई जैसी घटना: "बुला ले, जिसको बुलाना है..." युवक के साथ जा रही लड़की से छेड़खानी
युवती के साथ छेड़खानी करता मनचला युवक | सोर्स- प्रभात खबर
समस्तीपुर में बांध किनारे युवती से कथित छेड़खानी का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है. जानिए पूरा मामला.
समस्तीपुर क्राइम: जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में युवती से कथित छेड़खानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो जगतसिंहपुर में बांध किनारे का बताया जा रहा है. मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि, युवती या उसके परिजनों की ओर से अब तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. थोड़ी देर में इस मामले को लेकर एसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.
बांध किनारे रुकी थी युवती

बताया जा रहा है कि युवती अपने एक परिचित युवक के साथ कहीं जा रही थी. इसी दौरान जगतसिंहपुर में बांध किनारे सड़क पर दोनों कुछ देर के लिए रुके. युवती मोबाइल से तस्वीर ले रही थी.
इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ युवकों ने युवती को घेर लिया. आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की. घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. बाद में यही वीडियो इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने लगा.
वीडियो हम यहां नहीं लगा सकते क्योंकि इससे युवती की पहचान उजागर होने की संभावना है, जो उचित नहीं है.
अब जानिए वीडियो में क्या है?

वीडियो में एक लड़की सड़क पर खड़ी नजर आ रही है, जहां कुछ लड़के उसे परेशान करते दिख रहे हैं. लड़की उनसे बचने की कोशिश करती है, लेकिन बनियान पहना एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता है. विरोध करने पर एक अन्य लड़का उसे मारने की कोशिश करता नजर आता है. सड़क के बीच यह पूरा घटनाक्रम चलता रहता है, लेकिन कोई भी सामने आकर लड़की की मदद करता नहीं दिखता. लड़की बार-बार लड़कों से उसे छोड़ने की बात कहती है, लेकिन वे उसे जाने नहीं देते. इसके बाद लड़की कहती है कि वह अपने भाई को बुला रही है, जिस पर लड़के जवाब देते हैं, "ठीक है, बुलाओ." वीडियो के आखिर में एक लड़का बाइक के सहारे खड़ा दिखाई देता है.
वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में पुलिस
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर घटना की चर्चा शुरू हो गई. मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर छानबीन शुरू की.
पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ घटना की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है. पुलिस यह भी पता कर रही है कि घटना कब हुई और उस समय वहां वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं.
पूरे मामले को वीडियो में समझिए...
वीडियो की सत्यता भी जांच रही पुलिस
पुलिस की जांच में वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि केवल वायरल वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट नहीं माना जा सकता. जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति सामने आएगी.
कर्पूरीग्राम के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में मामला सत्य पाए जाने पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
SP बोले- लड़की की पहचान में जुटी पुलिस

समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप ने कहा, “समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. मामले में 4 लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें से 3 की पहचान हो चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार और जगतसिंहपुर के वार्ड सदस्य दिलीप राम शामिल हैं. पुलिस वीडियो में नजर आ रही नाबालिग लड़की की पहचान करने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह वीडियो कब का है.”
चार लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस ने फिलहाल चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के जरिए पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.
पुलिस के अनुसार, युवती या उसके परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. ऐसे में पुलिस वायरल वीडियो, पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में दिख रही घटना की वास्तविक स्थिति क्या है.
यह भी पढे़ं:
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए