पत्नी की हत्या के चार दिन बाद पति ने की खुदकुशी, परिवार में मचा कोहराम.
लाश के पास रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के चकलालशाही गांव में एक भयानक घटना सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या के चार दिन बाद खुदकुशी कर ली. बेटी के जन्म की खुशियां मातम में बदल गईं, जिससे तीन मासूम बच्चों के भविष्य पर गहरा संकट मंडरा रहा है.
Samastipur crime News: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत हलई थाना क्षेत्र के इंद्रवारा पंचायत के चकलालशाही गांव में महज चार दिनों के भीतर एक परिवार की खुशियां पूरी तरह मातम में बदल गईं. जिस घर में कुछ दिन पहले बेटी के जन्म और उसकी छठी के अवसर पर उत्सव का माहौल था, उसी घर में अब पति-पत्नी की दर्दनाक मौत के बाद चीख-पुकार मची है. जानकारी के अनुसार, चार दिन पूर्व आरोपी सूरज साहनी ने अपनी पत्नी संजुला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
आपके शहर में
पत्नी की मौत के चार दिन बाद पति ने भी की खुदकुशी
अपनी ही पत्नी की हत्या करने के चार दिन बाद आरोपी पति सूरज साहनी का भी शव मिलने से सनसनी फैल गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके और परिवार में मातम का माहौल है. घटनास्थल से एक कथित माफीनामा मिलने की भी बात सामने आई है, जिसमें सूरज ने अपनी पत्नी, सास-ससुर, माता-पिता और भाई-बहनों से माफी मांगी थी. इस दोहरी त्रासदी से पूरे चकलालशाही गांव में गहरा सदमा और सन्नाटा पसरा हुआ है.
मासूम बच्चों के भविष्य पर मंडराया संकट और परिवार के आरोप
पति-पत्नी दोनों की असमय मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल तीन मासूम बच्चों के भविष्य और लालन-पालन को लेकर खड़ा हो गया है. जिन बच्चों के सिर पर माता-पिता का साया होना चाहिए था, वे अब अचानक ही अनाथ हो गए हैं. बुजुर्ग परिजनों और रिश्तेदारों के सामने इन बच्चों की परवरिश की बड़ी चुनौती आ गई है. वहीं, मृतक सूरज के चाचा यशवंत सहनी ने ससुराल वालों की तरफ से धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए इसे साजिश के तहत हत्या बताया है.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद महिसौर और हलई थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान तेज कर दिया है और माफीनामा तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और स्थिति का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए