किशोरी की मौत मामले में शिक्षक संजय कुमार झा निलंबित, विभागीय जांच शुरू
सांकेतिक तस्वीर
अख्तियारपुर किशोरी मौत मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निजी कोचिंग चलाने और शोषण के आरोपी शिक्षक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
शिक्षक निलंबन कार्रवाई: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड अंतर्गत अख्तियारपुर गांव में बीते रविवार की शाम हुई 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोरवा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बांदे उर्दू में पदस्थापित शिक्षक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही शिक्षक के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का भी विधिवत आदेश जारी किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) बिथान तय किया गया है.
आपके शहर में
निजी कोचिंग संचालन और छात्रा के शोषण के गंभीर आरोप
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए शिक्षक से संबंधित कई गंभीर और आपत्तिजनक जानकारियां प्रशासन के संज्ञान में आई थीं:
- सरकारी सेवा नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए शिक्षक द्वारा अवैध रूप से निजी कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा था.
- निजी कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ कथित शारीरिक शोषण का मामला सामने आया था.
- सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर इसी पूरे प्रकरण को किशोरी की असामयिक मौत से जोड़कर देखा जा रहा था.
- मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शिक्षक से स्पष्टीकरण की मांग की थी, लेकिन उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया.
आचरण नियमावली का उल्लंघन, पुलिस जांच भी जारी
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए निजी कोचिंग चलाना और छात्रा के साथ इस तरह के आरोपों में संलिप्तता घोर कदाचार व सरकारी सेवक आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन है. इस संवेदनशील मामले की समानांतर जांच पुलिस स्तर से भी गहनता से की जा रही है. शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम पुष्टि पुलिस और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पूरी होने के बाद ही होगी.
ये भी पढ़ें: दलसिंहसराय के डैनी चौक पर युवक पर जानलेवा हमला, सिर फोड़ा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए