दस सूत्री मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे मुखिया, मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
अनशन पर बैठे मुखिया प्रतिनिधि व अन्य | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड में मुखिया प्रतिनिधि इकबाल जाफरी दस सूत्री मांगों को लेकर अनशन पर बैठ गए हैं. उनकी मुख्य मांगों में सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराना, पोखरों का सीमांकन कर छठ घाट बनाना, और दूषित नल-जल की समस्या को ठीक कराना शामिल है. मांगें पूरी न होने तक अनशन जारी रहेगा.
समस्तीपुर: ताजपुर प्रखंड के शाहपुर बघौनी पंचायत भवन परिसर में दस सूत्री मांगों को लेकर मुखिया प्रतिनिधि इकबाल जाफरी ग्रामीणों के साथ अनशन पर बैठ गये. उन्होंने बताया कि सोमवार को वे अकेले अनशन पर बैठे हैं. मंगलवार से ग्रामीण भी अनशन में शामिल होंगे.
सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग
मुखिया प्रतिनिधि की प्रमुख मांगों में वार्ड 3 एवं 4 को जोड़ने वाली सड़क का सीमांकन कर उसे अतिक्रमणमुक्त कराना शामिल है. इसके अलावा वार्ड 8 स्थित पोखर का सीमांकन कराने की मांग की गयी है, ताकि वहां छठ घाट का निर्माण कराया जा सके.
दूषित नल-जल की समस्या दूर करने की मांग
वार्ड 11 एवं 14 के लोगों को नल-जल योजना से दूषित पानी मिलने की बात कही गयी है. अनशनकारियों ने इसे अविलंब दुरुस्त कराने की मांग की है. इसके अलावा वार्ड 5 एवं 6 में बोरवेल की समुचित व्यवस्था कराने समेत अन्य मांगें भी रखी गयी हैं.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अनशन
इकबाल जाफरी ने बताया कि पंचायत की समस्याओं और मांगों से जिला एवं अनुमंडल पदाधिकारी को भी अवगत कराया जा चुका है. इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर अनशन शुरू किया गया है.
उन्होंने कहा कि सभी मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी रहेगा. मंगलवार से ग्रामीणों के भी अनशन में शामिल होने की बात कही गयी है.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए