Samastipur: अंतिम सोमवारी से पहले थानेश्वर स्थान मंदिर मार्ग से हटाया अतिक्रमण

Updated:
विज्ञापन

जेसीबी मशीन चलाकर सड़क से अतिक्रमण हटाते निगम प्रशासन की टीम | Prabhat Khabar Network

सावन की अंतिम सोमवारी के मद्देनज़र, समस्तीपुर प्रशासन ने थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया है. श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने और सुगम आवागमन के लिए यह कार्रवाई की गई है.

विज्ञापन

Thaneshwar Sthan Temple: सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर थानेश्वर स्थान महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में नगर निगम प्रशासन की ओर से मंदिर के आसपास आने-जाने वाले प्रमुख रास्तों से अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी चलाया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

अभियान का नेतृत्व प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी कुमोद रंजन ने किया. निगम प्रशासन की टीम ने स्टेशन रोड से टुनटुनिया गुमटी तक सड़क और नालों पर किये गये अतिक्रमण को हटाया.

जेसीबी से हटाये गये अस्थायी निर्माण

अवैध कब्जे वाले स्थानों पर जेसीबी मशीन चलाकर दुकानों के आगे लगाये गये टीनशेड और अन्य अस्थायी निर्माण को तोड़ा गया. सड़क और नालों पर लगे दुकानों के फ्लैक्स, बैनर और पोस्टर भी हटाये गये.

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने फुटपाथ और सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा करने वाले दुकानदारों को कड़ी फटकार लगायी. अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की कार्रवाई शुरू होते ही कई दुकानदार अपना सामान समेटकर सड़क किनारे से हट गये.

श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी नहीं होने देने का निर्देश

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी.

टैक्स दारोगा भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही चेतावनी देकर सड़क और फुटपाथ खाली करने को कहा गया था. इसके बावजूद कई स्थानों पर कब्जा नहीं हटाया गया.

उन्होंने कहा कि फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने आमजन और व्यवसायियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

पुलिस बल के साथ निगम कर्मी रहे मौजूद

अभियान के दौरान स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, सुमित कुमार, सुमन कुमार समेत नगर निगम के दर्जनों कर्मचारी और पुलिस जवान मौजूद रहे.

प्रशासन की कार्रवाई से मंदिर मार्ग और आसपास के इलाके में यातायात व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें

Samastipur News: विभूतिपुर में अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, कार्रवाई से पहले संचालक फरार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन