सप्तक्रांति एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का नंबर बदलेगा, 20 ट्रेनों से हटेगा सुपरफास्ट का दर्जा
ट्रेन (प्रतीकात्मक तस्वीर)
सप्तक्रांति एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा हटाया गया है. 1 जनवरी 2027 से इन ट्रेनों के नंबर बदल जाएंगे. जानिए क्या होगा असर.
समस्तीपुर: पूर्व मध्य रेलवे ने मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत अपने क्षेत्राधिकार की 20 ट्रेनों से सुपरफास्ट का दर्जा वापस लेने का निर्णय लिया है. धीमी औसत रफ्तार और सिंगल रेल लाइन पर परिचालन को इसकी वजह बताया गया है. रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, एक जनवरी 2027 से इन ट्रेनों के नंबर बदलने की प्रक्रिया शुरू होगी. अलग-अलग ट्रेनों के नए नंबर एक से सात जनवरी के बीच लागू किये जायेंगे.
इस बदलाव में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी ट्रेनें शामिल हैं. मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस का नंबर भी बदल जायेगा. वर्तमान में 12557 और 12558 नंबर से चलने वाली यह ट्रेन अब 15577 और 15578 नंबर से चलेगी. रेलवे के अनुसार, नंबर और श्रेणी में बदलाव से ट्रेनों के परिचालन पर असर नहीं पड़ेगा.
सप्तक्रांति समेत इन ट्रेनों के बदलेंगे नंबर
पूर्व मध्य रेलवे के इस फैसले से मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के नंबर बदलेंगे. इनमें दरभंगा-जालंधर, रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस और मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं.
| ट्रेन | वर्तमान नंबर | नया नंबर |
| दरभंगा-जालंधर | 22551 | 15541 |
| जालंधर-दरभंगा | 22552 | 15542 |
| रक्सौल-लोकमान्य तिलक | 12545 | 15545 |
| लोकमान्य तिलक-रक्सौल | 12546 | 15546 |
| मुजफ्फरपुर-आनंद विहार | 12557 | 15577 |
| आनंद विहार-मुजफ्फरपुर | 12558 | 15578 |
सुपरफास्ट अधिभार से मिल सकती है राहत
सुपरफास्ट श्रेणी से हटाये जाने के बाद इन ट्रेनों के यात्रियों को किराये में राहत मिलने की संभावना है. दरअसल, सुपरफास्ट ट्रेनों के टिकट पर सामान्य किराये के अतिरिक्त सुपरफास्ट अधिभार भी लिया जाता है. दर्जा हटने के बाद यह अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ सकता है. इसका लाभ स्लीपर और एसी श्रेणी के यात्रियों को भी मिल सकता है. हालांकि, अंतिम किराये की जानकारी रेलवे के संशोधित नियमों के अनुसार ही स्पष्ट होगी.
टिकट बुकिंग के समय रखें नए नंबर का ध्यान
रेलवे के इस बदलाव के बाद यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतनी होगी. एक जनवरी 2027 से यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को संबंधित ट्रेन का नया नंबर देखना होगा. आरक्षण की स्थिति और ट्रेन से जुड़ी जानकारी लेते समय भी संशोधित नंबर का इस्तेमाल करना होगा.
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के नंबर और श्रेणी में बदलाव से उसका परिचालन प्रभावित नहीं होगा. यात्रियों को यात्रा से पहले आईआरसीटीसी या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा पर ट्रेन का नया नंबर और अन्य विवरण जांच लेने चाहिए.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए