Bihar Weather News: उत्तर बिहार में अगले 5 दिन भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी

प्रतीकात्मक AI तस्वीर
उत्तर बिहार के लिए अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. 15 से 19 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा, जिसमें कई जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
Bihar Weather News: डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (डॉआरपीसीएयू), पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 15 से 19 जुलाई तक के लिए उत्तर बिहार का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार अगले पांच दिनों तक उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन तथा वज्रपात की संभावना है.
15 से 17 जुलाई के बीच वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बेगूसराय को छोड़कर उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में 15 से 17 जुलाई के दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की प्रबल संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी और पश्चिम चंपारण में 15 और 16 जुलाई के दौरान मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है.
तापमान में मिलेगी राहत
अगले पांच दिनों में अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि बेगूसराय, वैशाली, शिवहर और पूर्वी चंपारण में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
हवा में रहेगी अधिक नमी
सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत रहने का अनुमान है. दोपहर में यह घटकर 40 से 60 प्रतिशत के बीच रह सकती है. पूरे पूर्वानुमान अवधि में दक्षिण-पश्चिमी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों से मेघगर्जन एवं वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










