पूत बना कपूत, नशेड़ी बेटे ने पिता को कुदाल से काटा, रुपए को लेकर लगाई थी डांट
घटना की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर के मोहनपुर में देर रात पारिवारिक विवाद के दौरान युवक ने कथित तौर पर मां-पिता पर कुदाल से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल पिता की हायर सेंटर ले जाने के दौरान मौत हो गयी, जबकि मां का इलाज चल रहा है.
समस्तीपुर क्राइम: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड 39 में सोमवार देर रात नशे में धुत एक युवक ने कथित तौर पर कुदाल से हमला कर अपने मां-पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना में पिता की इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के दौरान मौत हो गयी, जबकि घायल मां का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी 60 वर्षीय मो. इस्लाम के रूप में हुई है.
रुपये को लेकर पिता ने लगायी थी डांट
बताया जाता है कि मो. इस्लाम के दो पुत्र सोहराब और अरमान हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, अरमान नशे का आदी है. सोमवार रात उसने नशा करने के लिए अपने पिता से रुपये मांगे थे. पिता ने उसे कुछ रुपये दे भी दिये थे.
करीब रात 12 बजे अरमान नशे की हालत में घर लौटा. घर पहुंचने पर पिता ने उसे डांट लगायी. इसी बात से नाराज होकर उसने कथित तौर पर कुदाल से पिता पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी उसने कुदाल से घायल कर दिया.
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोग
हमले के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों ने युवक को रोकने के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद मो. इस्लाम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. बताया जाता है कि सदर अस्पताल से हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. घायल मां का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी दुर्गेश दीपक और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किये.
मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
सीवान के रहने वाले थे मो. इस्लाम
जानकारी के अनुसार, मो. इस्लाम मूल रूप से सीवान के रहने वाले थे. शादी के बाद उन्होंने समस्तीपुर के मोहनपुर स्थित अपने ससुराल में घर बना लिया था. वह परिवार के साथ यहीं रह रहे थे.
मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. घटना के कारणों और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं:
युवाओं की बेरोजगारी से लेकर अंचल कार्यालय के भ्रष्टाचार तक, विभूतिपुर में डीवाईएफआई ने उठायी आवाज
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए