सहरसा रिफ्यूजी कॉलोनी में जमीन विवाद पर चलीं गोलियां, युवक घायल, मौके से कई खोखे बरामद
फोटो - सहरसा - घटना स्थल पर गिरा खोखा | Prabhat Khabar Network
Saharsa News: सहरसा के रिफ्यूजी कॉलोनी में जमीन विवाद के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। रंगदारी मांगने के आरोप के बाद हुई फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Saharsa News: सहरसा शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित मछली मार्केट के समीप शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद के दौरान कई राउंड फायरिंग होने का आरोप है. घटना में एक युवक घायल हो गया, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
जमीन पर कब्जे के विवाद में बढ़ा तनाव
घटना मीर टोला निवासी एवं जेडीयू के कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष मोहम्मद सरफराज आलम की जमीन से जुड़ी बताई जा रही है. उनके अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पटना से लौटने के बाद जब वह अपनी जमीन पर पहुंचे तो वहां जेसीबी मशीन से अस्थायी निर्माण (एकचरी) हटाने का प्रयास किया जा रहा था. विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.
सरफराज आलम का आरोप है कि जेसीबी के साथ 50 से 60 लोग मौजूद थे. इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और विवाद बढ़ गया.
10 से 12 राउंड फायरिंग का आरोप, युवक घायल
आरोप है कि विवाद के दौरान 10 से 12 राउंड फायरिंग की गई. इसी दौरान मीर टोला निवासी मोहम्मद गुलामगोस के पुत्र हसनैन की आंख के पास बंदूक के कुंदे से वार कर घायल कर दिया गया. घायल का इलाज कराया जा रहा है.
Saharsa News: रंगदारी मांगने का भी लगाया आरोप
मोहम्मद सरफराज आलम ने स्व. एकरामुल के पुत्र महताब अकरम उर्फ छोटू खां, साबिर मतीन के पुत्र सादिक मतीन, मो. फाकीर के पुत्र नाजिस अथर, मो. जमसेद के पुत्र फैसल रजा समेत 25 से 30 अज्ञात लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है.
उन्होंने दावा किया कि उनकी जमीन किराये पर दी गई थी, जहां दुकान निर्माण का कार्य चल रहा था. आरोप है कि पिछले 10 दिनों से रंगदारी की मांग की जा रही थी और विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच, आवेदन का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़ित की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था और न ही किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि हुई थी.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए