जिला स्तरीय रेड रन का आयोजन, एचआईवी जागरूकता का दिया संदेश; विजेता करेंगे राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व
फोटो - सहरसा - मौजूद शिक्षक व छात्र | Prabhat Khabar Network
सहरसा में युवाओं के बीच एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला स्तरीय रेड रन 2026 का आयोजन किया गया. विभिन्न महाविद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया. प्रथम तीन विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व का मौका मिलेगा.
Saharsa Red Run: बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी के तत्वावधान में मंगलवार को सहरसा स्थित एमएलटी कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय रेड रन 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक भेदभाव और कलंक को समाप्त करने का संदेश देना था.
आपके शहर में
कई महाविद्यालयों के छात्रों ने लिया भाग
कार्यक्रम का नेतृत्व एमएलटी कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर कुमार सिंह ने किया. कार्यक्रम के संयोजक जिला नोडल पदाधिकारी रेड रिबन क्लब सह राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-2 एवं सेहत केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ अमिष कुमार थे. आयोजन में एमएलटी कॉलेज के डॉ बलवीर झा तथा सहरसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्राचार्य प्रो कृष्ण कुमार का विशेष सहयोग रहा.
रेड रन में एमएलटी कॉलेज, राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय, इवनिंग कॉलेज, सहरसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग सहित जिले के पांच महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
एचआईवी जागरूकता पर दिया गया संदेश
Saharsa Red Run: बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी से आए संसाधन सेवी शिवम कुमार ने एचआईवी-एड्स की रोकथाम, समय पर जांच, जागरूकता तथा सामाजिक भेदभाव और कलंक को समाप्त करने की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने की अपील की.
इन प्रतिभागियों ने जीते पदक
बालक वर्ग में केशव कुमार, पुलिंदर कुमार एवं अनिकेत कुमार (राजेंद्र मिश्र महाविद्यालय) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं मोहम्मद जायद खान और असद रियाज (सहरसा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग) चतुर्थ और पंचम स्थान पर रहे.
बालिका वर्ग में मनीषा कुमारी (एमएलटी कॉलेज) प्रथम, निशा कुमारी (इवनिंग कॉलेज) द्वितीय, जागृति सुमन (एमएलटी कॉलेज) तृतीय, ईशा कुमारी (इवनिंग कॉलेज) चतुर्थ तथा मोना कुमारी (एमएलटी कॉलेज) पंचम स्थान पर रहीं.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
बालक एवं बालिका वर्ग के प्रथम तीन-तीन विजेता अब राज्य स्तरीय रेड रन 2026 प्रतियोगिता में सहरसा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. सभी विजेताओं को पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.कार्यक्रम का समापन "एचआईवी-एड्स मुक्त हो देश हमारा, रेड रन का यही है नारा." के उद्घोष तथा जागरूक, स्वस्थ और कलंक-मुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए