सहरसा एयरपोर्ट का रास्ता साफ, 35 करोड़ की प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, 15 महीने में पूरा होगा निर्माण
सहरसा एयरपोर्ट
Saharsa Airport : कोसी-सीमांचल के लाखों लोगों का हवाई सफर का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ गया है. सहरसा एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए 35.14 करोड़ रुपये की प्रोजेक्ट की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Saharsa Airport: कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. लंबे इंतजार के बाद सहरसा हवाई अड्डे के विकास और उन्नयन की दिशा में अहम प्रगति हुई है. भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण. एएआई. ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ई-निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है. अब तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद कोसी और सीमांचल क्षेत्र को हवाई कनेक्टिविटी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा.
35.14 करोड़ की परियोजना, चार कंपनियां दौड़ में
एएआई ने सहरसा एयरपोर्ट के विकास के लिए लगभग 35.14 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी किया था. निविदा प्रक्रिया में आद्याराज डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, आनंद बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, एमएचपीएल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और एससीसी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड सहित चार कंपनियों ने भाग लिया है. तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के बाद निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा.
छोटे विमानों की उड़ान से जुड़ेगा कोसी-सीमांचल
परियोजना के तहत मौजूदा हवाई अड्डे को कोड-2बी श्रेणी के विमान संचालन के अनुरूप विकसित किया जाएगा. इसके बाद यहां से 19 से 20 यात्रियों की क्षमता वाले छोटे क्षेत्रीय विमानों का संचालन संभव हो सकेगा. यह परियोजना केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान और बिहार सरकार की हवाई संपर्क विस्तार रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है.
तेज प्रताप ने FIR में आकाश के साथ अनुष्का यादव को भी बनाया आरोपी, जानिए आवेदन में क्या-क्या लिखा?
दो मंजिला टर्मिनल और आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध
एयरपोर्ट परियोजना के तहत 1580 वर्गमीटर क्षेत्र में दो मंजिला टर्मिनल भवन बनाया जाएगा. इसके अलावा 165 वर्गमीटर क्षेत्र में एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और 451 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक फायर स्टेशन का निर्माण होगा. 1000 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा रनवे भी विकसित किया जाएगा. साथ ही पार्किंग, सीमा दीवार, जलापूर्ति व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा.
Saharsa Airport:15 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
एएआई की शर्तों के अनुसार निर्माण कार्य 15 माह के भीतर पूरा करना होगा. परियोजना पूरी होने के बाद सहरसा से क्षेत्रीय उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना बढ़ जाएगी. इससे कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा.
व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट के विकसित होने से न केवल हवाई यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. वर्षों से लंबित इस परियोजना के धरातल पर उतरने से सहरसा की पहचान एक उभरते क्षेत्रीय केंद्र के रूप में और मजबूत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










