बरौनी में 10 दिवसीय एनसीसी कैंप का भव्य समापन, उत्कृष्ट कैडेट्स हुए सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

फोटो - कार्यक्रम में शामिल कैडेट्स

17 बिहार बटालियन एनसीसी सहरसा ने बरौनी में 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप-12 का सफलतापूर्वक समापन किया. समापन समारोह में कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण कौशल के लिए सराहा गया. कैंप ने युवाओं में नेतृत्व, आत्मविश्वास और देश सेवा की भावना विकसित करने पर जोर दिया.

विज्ञापन

सहरसा. 17 बिहार बटालियन एनसीसी सहरसा की ओर से बरौनी में आयोजित 10 दिवसीय कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप-12 का सोमवार को भव्य समापन हुआ. समापन समारोह में कैंप कमांडेंट कर्नल पीके चौधरी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए शिविर के दौरान उनके अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण कौशल की सराहना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

नेतृत्व, अनुशासन और देश सेवा की भावना विकसित करना एनसीसी का उद्देश्य

कैंप कमांडेंट कर्नल पीके चौधरी ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और देश सेवा की भावना विकसित करना है. उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया.

पीटी, ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का मिला प्रशिक्षण

10 दिवसीय शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक और सैन्य प्रशिक्षण के साथ विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया. प्रतिदिन सुबह पीटी, ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का अभ्यास कराया गया. इसके अलावा कैडेट्स को फायरिंग, मैप रीडिंग और सैन्य रणनीति की बारीकियों से भी अवगत कराया गया. प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स को विभिन्न परिस्थितियों में अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए तैयार किया गया.

आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार की भी दी गयी जानकारी

कैंप में केवल सैन्य प्रशिक्षण तक गतिविधियां सीमित नहीं रहीं. कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास के लिए विभिन्न बौद्धिक और जागरूकता सत्र भी आयोजित किये गये.

इन सत्रों में व्यक्तित्व विकास, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और सामाजिक सेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गयी. कैडेट्स को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया.

प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने दिखाया दमखम

शिविर के दौरान ड्रिल, गार्ड ऑफ ऑनर, पायलटिंग, फायरिंग, टेंट पिचिंग, वालीबाल और सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया.

इन प्रतियोगिताओं में कैडेट्स ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को कैंप कमांडेंट कर्नल पीके चौधरी और अन्य अधिकारियों ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

एनसीसी केवल संगठन नहीं, अनुशासित जीवन जीने का तरीका

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल पीके चौधरी ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक अनुशासित तरीका है. यह युवाओं को जिम्मेदारी, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव सिखाता है. उन्होंने कैडेट्स से शिविर में प्राप्त प्रशिक्षण को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया.

अधिकारी और प्रशिक्षण दल के सदस्य रहे मौजूद

समापन समारोह में डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर डॉ गौतम कुमार, सेकेंड ऑफिसर सुभाष मायकल, सूबेदार मेजर मो रकीब, ट्रेनिंग स्टाफ हालदार शिवा, रणवीर राठौर सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशिक्षण दल के सदस्य मौजूद थे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन