घर से करीब 3 लाख रुपये नगद की चोरी
Published by : Dipankar Shriwastaw Updated At : 21 Feb 2026 6:29 PM
घर से करीब 3 लाख रुपये नगद की चोरी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल दुर्गा स्थान गली निवासी किराना व्यवसायी विनोद कुमार भगत के घर में हुई चोरी सीसीटीवी में कैद हुआ चोरी कर निकलता चोर सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए लगातार दूसरे दिन भी चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. ताजा मामला नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा स्थान गली का है. मिली जानकारी के मुताबिक दुर्गा स्थान गली निवासी किराना व्यवसायी विनोद कुमार भगत के घर से करीब 3 लाख रुपये नगद की चोरी चोरों ने कर ली. वहीं घटना को अंजाम दे चोर के फरार होने की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गयी है. पीड़ित किराना व्यवसायी विनोद कुमार भगत ने थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार की रात दुकान बंद कर दुकान के पीछे स्थित अपने मकान में पूरे परिवार के साथ सो रहे थे. देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे से दाखिल हुआ और दुकान के पीछे वाले कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे गल्ले का ताला तोड़ उसमें रखे करीब 3 लाख रुपये नगद चोरी कर फरार हो गया. चोरी की जानकारी शनिवार सुबह नींद खुलने के बाद मिली. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार तथा दरोगा सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि फुटेज के सहारे चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जायेगी. गौरतलब है कि यह लगातार दूसरी चोरी की घटना है. इससे एक दिन पहले गुरुवार की रात माखन टोला निवासी उमाशंकर साह के सुनसान घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था. उस मामले की जांच अभी जारी ही थी कि चोरों ने फिर एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










