डॉ भाष्कर हत्याकांड: तीसरे अारोपित भी हुआ गिरफ्तार, नहीं मिल पाया है मोबाइल
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Mar 2019 5:21 AM
विज्ञापन
सहरसा : सदर थाना क्षेत्र के संतनगर निवासी दंत चिकित्सक डॉ किशोर भाष्कर हत्याकांड का पुलिस ने पूर्ण उद्भेन कर लिया है. घटना में शामिल तीसरे अभियुक्त सलखुआ थाना क्षेत्र के माठा निवासी अमित यादव को सदर थानाध्यक्ष पुनि राजमणि, कांड के अनुसंधानकर्ता पुअनि जयशंकर प्रसाद ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को आंबेडकर […]
विज्ञापन
सहरसा : सदर थाना क्षेत्र के संतनगर निवासी दंत चिकित्सक डॉ किशोर भाष्कर हत्याकांड का पुलिस ने पूर्ण उद्भेन कर लिया है. घटना में शामिल तीसरे अभियुक्त सलखुआ थाना क्षेत्र के माठा निवासी अमित यादव को सदर थानाध्यक्ष पुनि राजमणि, कांड के अनुसंधानकर्ता पुअनि जयशंकर प्रसाद ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को आंबेडकर चौक के समीप से गिरफ्तार कर लिया.
सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है. उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा. मालूम हो कि 19 मार्च को दंत चिकित्सक डॉ भाष्कर की हत्या कार में गोली मार कर की गयी थी.
इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में मृतक डॉ भाष्कर के फुफेरे भाई रेसना ग्वालपाड़ा मधेपुरा निवासी आशीष आनंद उर्फ बमबम को गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ में उसने हत्याकांड में मृतक डॉ भाष्कर की पत्नी नेहा व उसके दोस्त अमित यादव की संलिप्तता की बात कही थी.
लगातार हो रही थी छापेमारी: सदर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि घटना के बाद एसपी के निर्देश व सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी.
इसी दौरान मृतक की पत्नी नेहा कुमारी व उसके फुफेरे भाई बमबम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वहीं अमित फरार चल रहा था. अमित की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही थी. इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है.
जल्द दायर की जायेगी चार्जशीट: थानाध्यक्ष ने बताया कि अमित की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस तत्पर है. आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिले इसके लिए कांड के अनुसंधानकर्ता जल्द ही न्यायालय में चार्जशीट दायर कर स्पीडी ट्रायल के लिए न्यायालय से अपील करेंगे. वहीं अमित ने बार बार पुलिस पदाधिकारियों से खुद को निर्दोष बताते कहा कि उसे कुछ मालूम ही नहीं था.
अमित ने कहा कि बमबम व उसके बीच पटना में कोचिंग आने जाने के दौरान मुलाकात हुई थी. घटना के दिन उसने उसे कृषि विभाग की वेकेंसी आने की जानकारी देकर उसके घर पहुंच फार्म भराने के नाम पर सहरसा लाया था. जब घटना को अंजाम दिया गया तो वह खेत के रास्ते भाग गया. हालांकि यह पुलिस अनुसंधान व न्यायालय से जुड़ा है कि कौन दोषी है और कौन निर्दोष है.
ससुराल जाने के दौरान कार में हुई थी हत्या
मालूम हो कि मृतक दंत चिकित्सक डॉ किशोर कुमार भाष्कर अपनी कार से ससुराल कटिहार जा रहे थे. रास्ते में बैजनाथपट्टी के समीप कार में ही डॉक्टर की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. लोगों ने मामले की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी. सूचना पर पहुंचे सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी व सदर थानाध्यक्ष ने शव की पहचान कर मामले की तहकीकात में जुट गये थे.
मृतक के पिता ने सदर थाना में मामला दर्ज कराया था. स्वयं पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार मामले पर नजर रख रहे थे. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया. टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान से मामले का उद्भेन कर लिया. इधर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर चिकित्सक की हत्या के विरोध में चिकित्सक हड़ताल पर चले गये थे.
डॉक्टर का नहीं मिला मोबाइल: डॉक्टर की हत्या के बाद से गायब उनका मोबाइल अभी तक पुलिस बरामद नहीं कर पायी है. जानकारी के अनुसार पुलिस गिरफ्त में आये मृतक डॉ भाष्कर के फुफेरे भाई बमबम ने अमित के पास मोबाइल होने की बात पुलिस अधिकारियों को बतायी थी.
लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार अमित ने मोबाइल के संबंध में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है. मालूम हो कि पुलिस ने बमबम, नेहा के मोबाइल के साथ छापेमारी के दौरान अमित के घर से बरामद उसका निजी मोबाइल जब्त कर लिया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










