बिहार MLC चुनाव से पहले टूटा महागठबंधन? RJD के 6 प्रत्याशियों के ऐलान के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम का बड़ा बयान
तेजस्वी यादव और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले महागठबंधन में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है, जिसके बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
RJD Congress Alliance Break राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने शुक्रवार को बिहार विधान परिषद की होने वाली आठ सीटों में से छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी. इसके बाद बिहार में महागठबंधन के भविष्य को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है. सवाल उठने लगा है कि क्या आरजेडी और कांग्रेस के बीच गठबंधन टूट गया है. इस सवाल पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने शनिवार को ‘प्रभात खबर’ से बातचीत में स्थिति स्पष्ट की. पार्टी के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि आरजेडी के साथ कांग्रेस का गठबंधन सिर्फ बिहार विधानसभा चुनाव तक था. विधानसभा चुनाव के बाद दोनों दलों की राह अलग हो गई है.
राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस में विधान परिषद चुनाव को लेकर मंथन चल रहा है और जल्द ही संभावित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी. ये चुनाव चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों के लिए होंगे. मौजूदा विधान परिषद सदस्यों (MLC) का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को खत्म होने वाला है. चुनाव प्रक्रिया की घोषणा सितंबर में होने की उम्मीद है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
इन 6 सीटों पर RJD ने उतारे उम्मीदवार
आरजेडी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है. इसके अलावा पार्टी ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को मैदान में उतारा है. पार्टी जल्द ही दो अन्य सीटों के लिए भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करेगी.
इधर, आरजेडी के इस फैसले से नाराज कांग्रेस भी सभी आठ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक पार्टी के पास फिलहाल सिर्फ तीन सीटों के लिए एक-एक आवेदन आए हैं.
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जन सुराज
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शानदार जीत से उत्साहित जन सुराज ने बिहार में खाली हो रही विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है. इसके बाद से राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है. पार्टी ने चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं.
बांकीपुर के बाद जन सुराज ने भाजपा के एक और मजबूत गढ़ में चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में पार्टी ने दिव्या ज्योति को अपने साथ जोड़ा है. इसके बाद चर्चा तेज हो गई है कि क्या जन सुराज एक बार फिर भाजपा के परंपरागत और मजबूत गढ़ में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा पाएगा. पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव वर्ष 1996 से लगातार भाजपा के समर्थन से चुनाव जीतते आ रहे हैं. चर्चा है कि जन सुराज पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नवल किशोर यादव के खिलाफ दिव्या ज्योति को अपना प्रत्याशी बना सकता है. दिव्या ज्योति इससे पहले भी नवल किशोर यादव के खिलाफ चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए