रामनवमी पर रात दो बजे खुलेगा पटना महावीर मन्दिर का पट, चार लाख से अधिक भक्त करेंगे दर्शन, ये है खास तैयारी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 28 Mar 2023 6:26 PM

विज्ञापन

महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि बुधवार-गुरुवार तड़के 2 बजे गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी और राम दरबार की जागरण आरती होगी. इसके बाद मन्दिर के पट खोल दिये जाएंगे. रात्रि 2.15 बजे से भक्त प्रसाद चढ़ा सकेंगे.

विज्ञापन

पटना. महावीर मन्दिर में रामनवमी के भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. गुरुवार को रामनवमी के दिन लगभग चार लाख भक्तों के महावीर मन्दिर पहुंचने की संभावना है. महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि बुधवार-गुरुवार तड़के 2 बजे गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी और राम दरबार की जागरण आरती होगी. इसके बाद मन्दिर के पट खोल दिये जाएंगे. रात्रि 2.15 बजे से भक्त प्रसाद चढ़ा सकेंगे. ऐसे भक्त जिनके हाथ में प्रसाद होगा, वे पंक्तिबद्ध होकर मन्दिर के उत्तरी प्रवेश द्वार से मन्दिर परिसर में आएंगे. महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग पंक्तियाँ होंगी. प्रसाद और माला के बगैर आनेवाले भक्त मन्दिर के पूर्वी प्रवेश द्वार से सुबह 8 से 10 बजे तक प्रवेश कर सकते हैं.

10 बजे सुबह होगी मुख्य पूजा

रामनवमी के दिन गुरुवार को महावीर मन्दिर परिसर में स्थित मुख्य ध्वज स्थल पर सुबह 10 बजे से पूजन प्रारंभ होगा. पूजन के बाद महावीर मन्दिर में स्थित सभी हनुमान ध्वज बदले जाएंगे. मध्याह्न 11.50 से 12.20 तक भगवान राम का जन्मोत्सव होगा. इस दौरान भक्त कतारों में अपनी जगह बने रहेंगे. जन्मोत्सव आरती के बाद भक्तों के प्रसाद चढ़ाने और दर्शन का क्रम रात्रि 12 बजे तक जारी रहेगा. आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर भक्त अपार धैर्य का परिचय देते हैं. पंक्ति में लगने के बाद मन्दिर तक पहुँचने में जो समय लगता है उसमें पूरी भक्ति के साथ आगे बढ़ते हैं. आचार्य किशोर कुणाल ने मन्दिर प्रबंधन की ओर से भक्तों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि भोग-आरती को छोड़कर शेष सभी समय पर भक्तों की पंक्ति निरन्तर आगे बढ़ती रहेगी.

16 बड़े स्क्रीन लगाये गये

आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि महावीर मन्दिर तक पहुँचने के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क में प्रवेश की व्यवस्था की गयी है. वहां भक्तों के लिए पंडाल बनाए गये हैं. पंखे और लाइट की व्यवस्था की गयी है. महावीर मन्दिर के गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी के दोनों विग्रहों और राम दरबार के लाइव दर्शन के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क से लेकर मन्दिर तक भक्त मार्ग और महावीर मन्दिर परिसर तक कुल 16 बड़े स्क्रीन लगाये गये हैं. भक्तों को वीर कुंवर सिंह पार्क तक ले जाने के लिए महावीर मन्दिर के सामने रेल इंजन के समीप और डाकबंगला चौक से निःशुल्क बस फेरी सेवा का प्रबंध महावीर मन्दिर की ओर से किया गया है.

भक्तों को धूप और गर्मी से राहत के प्रबंध

आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि गर्मी और धूप को देखते हुए भक्तों के लिए कई इंतजाम किये गये हैं. भक्त मार्ग को बैरिकेटिंग के साथ-साथ ऊपर में टेंट से आच्छादित किया गया है. उसमें पंखों और लाइट की पूरी व्यवस्था रहेगी. रास्ते में जगह-जगह शरबत-पानी आदि के प्रबंध किये गये हैं. भक्तों की सहायता के लिए स्वयंसेवक तैनात रहेंगे. महावीर मन्दिर परिसर में प्रवेश के बाद भक्तों को धूप से बचाने के लिए पंडाल बनाया गया है. पंखे और रौशनी के प्रबंध किये गये हैं. रामनवमी के दिन महावीर मन्दिर की ओर से लगभग 200 निजी सुरक्षा कर्मी और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता में लगाये गये हैं. भक्तों के लिए निकास द्वार के पास महावीर मन्दिर द्वारा संचालित अस्पतालों की ओर से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. महावीर मन्दिर द्वारा प्रकाशित सुन्दरकाण्ड की सात हजार प्रतियां भक्तों के बीच पाठ के लिए वितरित की जाएंगी.

नैवेद्यम के लिए लगाये जायेंगे 14 काउंटर
undefined

उन्होंने कहा कि स्टेशन प्रवेश द्वार, डाकबंगला चौराहा, जीपीओ गोलंबर और वीर कुंवर सिंह पार्क में भी नैवेद्यम काउंटर रामनवमी के दिन भक्तों की सुविधा के लिए नैवेद्यम के 14 काउंटर लगाए जाएंगे. महावीर मन्दिर के सामने, पटना जंक्शन प्रवेश द्वार संख्या 1, ऑटो स्टैंड, डाकबंगला चौराहा, जीपीओ गोलंबर, वीर कुंवर सिंह पार्क समेत प्रमुख स्थानों पर महावीर मन्दिर के नैवेद्यम उपलब्ध रहेंगे. 20 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने के लिए तिरुपति के 100 से अधिक कारीगर रात-दिन जुटे हैं. आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि शुद्धता और पवित्रता के साथ नैवेद्यम तैयार किया जाता है. सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ड्रोन द्वारा महावीर मन्दिर पर पुष्पवर्षा होगी. इसका लाइव प्रसारण मन्दिर के फेसबुक पेज patnamahavirmandir पर दिखाया जाएगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन