सशक्त स्थायी समिति की बैठक में विकास योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश, एचएफए जांच पर भी उठा सवाल
फोटो- बैठक में शामिल महापौर, उपमहापौर एवं सदस्य| Prabhat Khabar Network
पूर्णिया नगर निगम में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. महापौर ने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश दिया. वहीं, एचएफए जांच के बाद कार्रवाई न होने का मुद्दा भी उठाया गया.
पूर्णिया. नगर निगम महापौर कार्यालय में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, जलनिकासी, शहर के सौंदर्यीकरण तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिये गये.
आपके शहर में
लंबित योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने का निर्देश
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि से हुई. इसके बाद महापौर ने अधिकारियों को नगर विकास से संबंधित सभी लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पूरी हो चुकी योजनाओं की जल्द निकलेगी निविदा
समिति ने निर्णय लिया कि जिन नगर विकास योजनाओं की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर टेंडर निकाला जाए. इससे लंबित विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है. अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.
सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का लगेगा शिलापट्ट
बैठक में नगर निगम परिसर में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के नाम का शिलापट्ट लगाने का भी निर्णय लिया गया. समिति ने इससे संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए.
विभागीय कार्यों पर लगी रोक हटने से निगम को राहत
बैठक में जानकारी दी गई कि नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से नगर निगम के कुछ विभागीय और अति आवश्यक कार्यों पर पूर्व में लगाई गई रोक अब हटा ली गई है. रोक हटने के बाद निगम में आवश्यक विभागीय कार्यों का निष्पादन पहले की तरह किया जा सकेगा.समिति सदस्यों ने कहा कि इससे नगर निगम के दैनिक और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी. पदेन सदस्यों ने रोक हटाने के निर्णय के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रति आभार भी जताया.
एचएफए जांच के बाद कार्रवाई नहीं होने पर सवाल
बैठक में पदेन सदस्यों ने एचएफए में कथित भ्रष्टाचार की जांच के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया. सदस्यों ने सवाल किया कि जांच होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
इस पर उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल एक पक्ष की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है. दोनों पक्षों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.
सौंदर्यीकरण और जलनिकासी की भी हुई समीक्षा
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण, जलनिकासी, साफ-सफाई, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और अन्य विकासपरक योजनाओं पर भी चर्चा हुई. समिति ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
ये रहे मौजूद
बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, कुमारी खुशबू, स्वपन घोष, सिटी मैनेजर राजेश कुमार झा, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए