04 से 06 सितंबर तक गुलाबबाग में लगेगा कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर, जरूरतमंद दिव्यांगजनों को मिलेगा मुफ्त लाभ
सांकेतिक तस्वीर
मारवाड़ी युवा मंच, गुलाबबाग द्वारा 4 से 6 सितंबर तक एक निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
पूर्णिया. जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गुलाबबाग मारवाड़ी युवा मंच ने पहल की है. मंच की ओर से आगामी 04 से 06 सितंबर तक गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को सामान्य जीवन जीने में मदद करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग देना है.
आपके शहर में
अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने की कोशिश
मारवाड़ी युवा मंच की ओर से शिविर का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाने के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सूचना पहुंचाई जा रही है. मंच ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी दें और उन्हें पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करें.
पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में रहने वाले दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों से भी शिविर का लाभ लेने की अपील की गई है. संबंधित व्यक्ति के परिजन अथवा वार्ड के लोग उन्हें शिविर की जानकारी देकर पंजीकरण कराने में सहयोग कर सकते हैं.
01 सितंबर तक कराना होगा पंजीकरण
शिविर में शामिल होने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 01 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. पंजीकरण के लिए आधार कार्ड की फोटो कॉपी और एक पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य बताया गया है. मंच की ओर से जरूरतमंद लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराने की अपील की गई है.
कृत्रिम अंग मिलने से आत्मनिर्भर बनने में मिलेगी मदद
मारवाड़ी युवा मंच, गुलाबबाग शाखा के सदस्यों ने कहा कि किसी जरूरतमंद दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि उसे आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है. कृत्रिम अंग मिलने से जरूरतमंद लोगों की दैनिक गतिविधियों और जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है.
सामाजिक संगठनों और आम लोगों से सहयोग की अपील
मंच के सदस्यों ने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से इस अभियान को अधिक व्यापक बनाया जा सकता है. उन्होंने सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से इस जनहितकारी सेवा कार्य में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की है. मंच का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर कोई भी जरूरतमंद दिव्यांगजन जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए