30.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

कार्यकर्ताओं के दिल को छू गये नित्यानंद राय

कार्यकर्ता संबोधन . भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंच पर मौजूद पूर्व जिलाध्यक्षों का पैर छू कर लिया आशीर्वाद भाजपा द्वारा आयोजित कार्यकर्ता संबोधन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मंच पर बैठे सभी पूर्व जिलाध्यक्षों से परिचय कर उनके चरण छूये और आशीर्वाद लिया. प्रदेश अध्यक्ष की इस भावना से उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का […]

कार्यकर्ता संबोधन . भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मंच पर मौजूद पूर्व जिलाध्यक्षों का पैर छू कर लिया आशीर्वाद

भाजपा द्वारा आयोजित कार्यकर्ता संबोधन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मंच पर बैठे सभी पूर्व जिलाध्यक्षों से परिचय कर उनके चरण छूये और आशीर्वाद लिया. प्रदेश अध्यक्ष की इस भावना से उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का सम्मान प्रदेश अध्यक्ष के प्रति बढ़ा, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष के इस शिष्टाचार को देख दंग रह गये.
पूर्णिया : रंगभूमि मैदान में भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष भले ही निर्धारित समय से विलंब से पहुंचे, लेकिन उनकी सादगी और विनम्रता पार्टी कार्यकर्ताओं के दिल को छू गयी और वे प्रदेश अध्यक्ष के कायल हो गये. दरअसल प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय जब मंच पर पहुंचे, तो उन्होंने मंच पर उपस्थित लोगों के प्रति जिज्ञासा प्रकट की. उन्हें जब पता चला कि मंच पर कुछ पूर्व के जिलाध्यक्ष भी मौजूद हैं, तो श्री राय खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने पूर्व अध्यक्षों का चरण छूकर उनसे आशीर्वाद मांगा. इनमें पूर्व अध्यक्ष सुधीर प्रसाद चौधरी, रामानंद प्रसाद, संजीव रंजन सिंह,
रामप्रसाद साह, प्रो केके सिंह और जनक लाल आर्य शामिल थे. उम्मीद से परे प्रदेश अध्यक्ष की इस विनम्रता से उपस्थित पूर्व अध्यक्ष भी भौचक रह गये. पैर छूने के एवज में पूर्व अध्यक्षों ने उन्हें यशस्वी और विजयी होने का भी आशीर्वाद दिया. वहीं दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष के इस विनम्रता से उपस्थित हजारों कार्यकर्ता भी कुछ देर के लिए दंग रह गये. मौजूद कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि शायद यही वजह है कि श्री राय साधारण कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर तय किये हैं. अपने संबोधन में भी प्रदेश अध्यक्ष ने बार-बार कार्यकर्ताओं के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी आंख हैं और हमारी रीढ़ भी हैं. कुल मिला कर प्रदेश अध्यक्ष श्री राय पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बने रहे.
लंबे इंतजार के बाद पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष : रंगभूमि मैदान में आयोजित कार्यकर्ता संबोधन कार्यक्रम में लंबे इंतजार के बाद प्रदेश अध्यक्ष दोपहर 02:15 बजे पहुंचे. पूर्व सांसद उदय सिंह, पार्टी के विधायक व पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया. फिर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन हुआ. इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष को प्रतीक चिह्न व शॉल देकर स्वागत किया गया.
मंडल अध्यक्षों को मंच पर बारी-बारी से बुलवा कर उन्हें माला पहना कर प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने स्वागत किया. इससे पूर्व कार्यकर्ताओं को पूर्व जिलाध्यक्ष रामानंद प्रसाद, सुधीर प्रसाद चौधरी, परमानंद मंडल, विजय राय, अंगद मंडल के अलावा विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, विजय खेमका, पूर्व विधायक सबा जफर, जिलाध्यक्ष सह जिला उपाध्यक्ष क्रांति देवी, प्रदीप दास, सचिन कुमार राय, अनंत भारती, पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी मृत्युंजय झा, प्रदेश मंत्री तारा साह, जनक लाल आर्य आदि ने संबोधित किया.
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बने रहे
उदय सिंह को मंत्री बनाने की उठी मांग
कार्यकर्ता संबोधन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय की उपस्थिति में पूर्व सांसद उदय सिंह को केंद्र सरकार में मंत्री बनाने की मांग की गयी. कहा गया कि सीमांचल का इलाका विकास से पिछड़ गया है. इस नाते इन्हें मंत्री बनाने से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा. हालांकि पूर्व सांसद ने कार्यकर्ताओं की मांग पर आपत्ति जतायी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की मांग को उचित बताते हुए कहा कि उनकी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए.
बंटी व मंटू भाजपा में शामिल
जिला परिषद सदस्य राकेश कुमार उर्फ बंटी यादव एवं जियनगंज निवासी मंटू यादव उर्फ कुमार गौरव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने दोनों को माला पहना कर स्वागत किया. बंटी यादव भाजपा के वरिष्ठ नेता दिवंगत ब्रजकिशोर यादव के पुत्र हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें

ऐप पर पढें