मुजफ्फरपुर : नदी में शव फेंकनेवाले दोषी तीनों पुलिसकर्मी सस्पेंड, वायरल वीडियो की जांच के बाद हुई कार्रवाई

Author Ashish jha
Updated:
विज्ञापन

इन तीनों पर आरोप है कि इन लोगों ने सड़क हादसे में मृत शख्स के शव को पुल से नीचे नहर में फेंक दिया. इसका वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस प्रशासन के होश उड़ गये.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर. मुजफ्फरपुर के एसएसपी ने पुल से शव को नहर में फेंकने वाले तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक्शन लिया है. इस संबंध में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई विभागीय जांच में एसएसपी ने पहली नजर में तीनों पुलिसकर्मियों को दोषी पाया और तीनों को सस्पेंड कर दिया है. एक चालक और दो अन्य होमगार्ड के जवानों को ड्यूटी से क्लोज कर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है. इन तीनों पर आरोप है कि इन लोगों ने सड़क हादसे में मृत शख्स के शव को पुल से नीचे नहर में फेंक दिया. इसका वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस प्रशासन के होश उड़ गये. आनन-फानन में इसकी जांच की गयी और अब कार्रवाई हुई है. जांच के दौरान आरोपितों ने पहले तो दलील दी थी कि शव के हिस्सों को नहर में प्रवाहित किया गया है, लेकिन जब इस दलील पर सवाल उठने लगे, तो एक घंटे के भीतर ही तीनों जवानों को दोषी करार देते हुए उनके खिलाफ एक्शन ले लिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शव को घसीट कर पुल से नीचे नहर में फेंकते नजर आ रहे हैं पुलिसकर्मी

रविवार की सुबह मुजफ्फरपुर की इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वायरल वीडियो में पुलिस के तीन जवान सड़क हादसे में मौत के शिकार हुए शख्स के शव को अस्पताल पहुंचाने के बजाए उसे घसीट कर पुल से नीचे नहर में फेंकते नजर आ रहे हैं. इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो खूब वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फकूली ओपी क्षेत्र के ढोढी नहर पुल का बताया जा रहा है. मुजफ्फरपुर पुलिस की मानवता शर्मनाक करतूत सामने आने के बाद जिले में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं. शव को नहर में फेंकने के कारण मृतक की पहचान तक नहीं हो सकी है.

Also Read: मैथिली की पहली वेब सीरीज 27 अक्टूबर को होगी रिलीज, पलायन के एक अलग पहलू को सामने लेकर आयेगी ‘नून रोटी’

फकुली ओपी अंतर्गत ढोढ़ी पुल पर हुआ था हादसा

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मानवता को शर्मशार करने देने वाला फकुली ओपी पुलिस का अमानवीय चेहरा रविवार की सुबह सामने आया है. फोरलेन पर फकुली ओपी अंतर्गत ढोढ़ी पुल पर रविवार की अहले सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो हो गई. अज्ञात वाहन से रौंदे जाने से व्यक्ति का शव पूरी तरह क्षत विक्षत हो गया. जिसे पहचान पाना भी मुश्किल था. मृत व्यक्ति की उम्र पचास से साठ वर्ष के बीच का होना बताया गया. जिसकी देर शाम तक पहचान नहीं की जा सकी है. पुलिस ने क्षत विक्षत शव को पुल से नीचे नहर में फेंका. इस अमानवीय चेहरा का एक वीडियो दिन भर सोशल मीडिया पर ट्रेंड होता रहा. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.

वीडियो को देख लोगों का कलेजा कांप गया

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह में करीब साढ़े चार से पांच बजे के बीच की घटना है. सुबह को टहलने के लिए लोग पुल की तरफ जा रहे थे. लोगों ने देखा कि पुल पर सड़क हादसे में मरा हुआ एक व्यक्ति का क्षत विक्षत शव पड़ा है. शव के अगल बगल से वाहनों का भी आवागमन जारी है. वहां पर फकुली ओपी के तीन पुलिस कर्मी मौजूद है. पुलिस के तीनों कर्मी शव को बांस के सहारे सड़क से उठाकर पुल के रेलिंग पर ले गए. तीनों कर्मी शव को बांस के सहारे पुल से नीचे नहर में फेंक कर चले जाते है. पुलिस के इस अमानवीय चेहरे को लोग अपने मोबाइल से वीडियो बना लेते है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगता है. वीडियो को देख लोगों का कलेजा कांप गया. प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब इस दुनिया में इंसान का इंसानियत मर गया. कैसे कोई किसी पर विश्वास और भरोसा करेगा.

वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने नहर से निकाला शव

नहर के नीचे शव फेंके जाने का वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. लोगों ने बताया कि वीडियो के वायरल होने की भनक लगते ही पुलिस पुल पर पहुंची. नहर में फेंक गए शव को पानी से निकाल पोस्टमार्टम में भेजा. मामले को लेकर डीएसपी पूर्वी शहरियार अख्तर का कहना है ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है. घटना में शव छत- विछत हो गया था. पुलिस ने शव के मुख्य भाग को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं ट्रक में फंसे शव के कुछ भाग और सड़क पर बिखरे अवशेष को पुलिस कर्मियों ने पुल से नहर में फेंक दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी जांच कराया गया है. मामले में दोषी पाए गए चालक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है. दो होमगार्ड जवान को ड्यूटी से वापस किया गया है.

काम नहीं आयी दलीलें, हुई कार्रवाई

मुजफ्फरपुर एसएसपी कार्यालय की तरफ से पहले कहा गया है कि 8 अक्टूबर को फकुली ओपी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसके सुरक्षित हिस्से को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने दलील दी है कि हादसे के बाद शव के बुरी तरह से चिपके हुए हिस्से, कपड़े आदि को पास के नहर में प्रवाहित किया गया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच कराई जा रही है और सत्यता पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस दलील पर जब सवाल उठने लगा तो एक घंटे के भीतर ही एसएसपी ऑफिस ने मीडिया को जानकारी दी कि तीनों पुलिस जवान दोषी पाए गए हैं और उनके खिलाफ एक्शन हुआ है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन