पटना-बख्तियारपुर रेलखंड पर हादसा: पटना-दुमका एक्सप्रेस की चपेट में आने से वैशाली की महिला की मौत
खुसरूपुर स्टेशन की तस्वीर
Bakhtiyarpur Rail Line: खुसरूपुर स्टेशन के पास एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. हालांकि, मृतका के पति ने चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है. पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है.
Bakhtiyarpur Rail Line: पटना-बख्तियारपुर रेलखंड पर खुसरूपुर स्टेशन के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे 55 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी. हादसा पूर्वी रेल गुमटी के पास रेल पोल संख्या 512/22 के समीप हुआ. मृतका की पहचान वैशाली जिले के शिवनगर निवासी उषा देवी, पति वीरचंद्र राय उर्फ बीरा राय के रूप में हुई है.
आपके शहर में
पटना-दुमका एक्सप्रेस की चपेट में आने की सूचना
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह डाउन लाइन में रेल पोल संख्या 512/22 के पास महिला के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली. बताया गया कि 13334 डाउन पटना-दुमका एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची.
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जीआरपी पोस्ट प्रभारी राजीव कांत शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया गया.
पति के आवेदन से बदला मामले का एंगल
घटना की जांच के दौरान उस समय नया मोड़ आ गया, जब मृतका के पति वीरचंद्र राय ने जीआरपी को लिखित आवेदन दिया. आवेदन में उन्होंने आशंका जतायी कि उषा देवी रेल ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में नहीं आयीं, बल्कि संभव है कि वह चलती ट्रेन से गिर गयी हों.
पुलिस दोनों पहलुओं की कर रही जांच
परिजन की ओर से जतायी गयी आशंका के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच दोनों पहलुओं से कर रही है. महिला ट्रेन की चपेट में कैसे आयीं और घटना के समय वह रेल ट्रैक के पास कैसे पहुंचीं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
जीआरपी का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए