सहरसा में मां के सामने बेटे की हत्या का आरोपी पटना से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर एयरपोर्ट इलाके में रह रहा था
सहरसा जिले का सलखुआ थाना
सहरसा में मां के सामने बेटे की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी मुकेश यादव को पटना एयरपोर्ट इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Patna Crime News : सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में मां के सामने बेटे की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को पटना से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश यादव के रूप में हुई है. सहरसा पुलिस ने पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया और अपने साथ सहरसा ले गयी. पुलिस के अनुसार, मुकेश अपनी पहचान छिपाकर एयरपोर्ट इलाके में रह रहा था.
आपके शहर में
पुराने केस में समझौते को लेकर हुआ था विवाद
घटना सलखुआ डीह टोला, वार्ड नंबर 10 में 23 जून 2025 की शाम हुई थी. राकेश कुमार की मां रंभा देवी के बयान के अनुसार, वह घर में संध्या आरती कर रही थीं. इसी दौरान आरोपी मुकेश यादव घर पहुंचा और पुराने मुकदमे में समझौता नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा.
मां के सामने बेटे पर किया हमला
शिकायत के अनुसार, इसके बाद पहले से घातक हथियारों से लैस आरोपियों ने राकेश कुमार पर हमला कर दिया. मां रंभा देवी अपने बेटे को बचाने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गयी और बाल पकड़कर घसीटा गया. गंभीर रूप से घायल राकेश कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
13 लोगों को बनाया गया था नामजद
रंभा देवी के बयान पर सलखुआ थाने में किशोर यादव, मुकेश यादव, निरंजन यादव, अमित यादव, कर्पूरचंद यादव, शंभू यादव और दिलीप यादव समेत कुल 13 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. पुलिस लंबे समय से मामले के आरोपियों की तलाश कर रही थी.
पहचान छिपाकर पटना में रह रहा था मुकेश
पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड का नामजद आरोपी मुकेश यादव पटना के एयरपोर्ट इलाके में छिपकर रह रहा है. सूचना के आधार पर सहरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस उससे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों और हत्या की पूरी साजिश से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए