आज बिहार विधानसभा में व्याख्यान देंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जानिये रात्रिभोज समेत पूरा कार्यक्रम
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Oct 2021 5:40 AM
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे हैं. आज महामहिम विधानसभा परिसर में एक घंटे से अधिक समय तक रहेंगे और विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष समारोह का उद्घाटन करेंगे. महामहिम यहां व्याख्यान भी देंगे.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को करीब सवा घंटा विधानसभा परिसर में रहेंगे. मुख्य आयोजन विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष समारोह का उदघाटन का है. इस मौके पर राष्ट्रपति विधानसभा परिसर में ही शताब्दी स्मृति स्तंभ का शिलान्यास करेंगे. परिसर में बोधगया से लाये गये पवित्र बोधिवृक्ष के शिशु पौधे का रोपण करेंगे.
महामहिम इसके बाद ‘सदन में विमर्श ही संसदीय प्रणाली का मूल है’, विषय पर अपना व्याख्यान देंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल फागू चौहान व विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी संबोधित करेंगे, जबकि स्वागत भाषण विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा देंगे.
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को पटना पहुंचे. दोपहर करीब एक बजे वायु सेना के विशेष विमान से राष्ट्रपति पटना एयरपोर्ट पर उतरे. यहां उनका भव्य स्वागत किया गया. राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी और शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने उनका अभिवादन किया. राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी भी आयी हैं.
Also Read: तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे राष्ट्रपति कोविंद, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की एयरपोर्ट पर आगवानी
गुरुवार की देर शाम विधानसभा अध्यक्ष के सरकारी आवास 02, देशरत्न मार्ग पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में राष्ट्रपति भाग लेंगे. राष्ट्रपति श्री कोविंद के सम्मान में कला-संस्कृति विभाग की ओर से वीपी मिश्रा का शंखनाद, प्रशांत और निशांत का ध्रुपद गायन, अर्जुन कुमार एंड चौधरी के ग्रुप का रिदम आॅफ बिहार और लोकगायिका शारदा सिन्हा का गायन होगा. इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष की ओर से दी जाने वाली भोज में राष्ट्रपति शामिल होंगे. भोज में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पटना हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायाधीशों के अलावा सभी मंत्री व विधायक शामिल होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










