पटना: दानापुर के पानापुर घाट पर कटाव का जायजा लेने स्टीमर से पहुंचे मंत्री रामकृपाल यादव, घटिया कार्य पर अधिकारियों को लगाई फटकार
कटाव का जायजा लेने पहुंचे मंत्री रामकृपाल यादव।
बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने पटना के दानापुर दियारा में गंगा नदी के कटाव का जायजा लिया. उन्होंने जिओ बैग में बालू की जगह मिट्टी भरे जाने पर अधिकारियों और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई. बाढ़ प्रभावितों के लिए सुविधाओं के भी निर्देश दिए गए.
Erosion in Ganges River in Patna: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण दानापुर दियारा क्षेत्र में तेज कटाव की समस्या को देखते हुए बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव (Minister Ram Kripal Yadav) ने रविवार को स्टीमर से पानापुर घाट का सघन स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कटावरोधी कार्य में भारी अनियमितता सामने आने पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों और संवेदक को कड़ी फटकार लगाई.
आपके शहर में
जिओ बैग में गंगा बालू की जगह मिट्टी भरने पर जताई कड़ी नाराजगी
पानापुर घाट पर कटाव निरोधी कार्य के तहत किए जा रहे जिओ बैग पिचिंग का अवलोकन करते हुए मंत्री ने पाया कि बोरियों में मानक के अनुसार गंगा बालू भरने के बजाय मिट्टी भरी जा रही है. इस घोर लापरवाही पर सख्त एतराज जताते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद दानापुर एसडीओ (SDO) अनिरुद्ध पांडेय को पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों व संवेदकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

कटाव प्रभावित 3-4 स्थलों पर तुरंत मजबूत पिचिंग के निर्देश
मंत्री ने बताया कि गंगा के जलस्तर में निरंतर वृद्धि होने के कारण पानापुर घाट पर 3 से 4 प्रमुख स्थानों पर तेजी से कटाव शुरू हो गया है. यदि समय रहते इसे नियंत्रित नहीं किया गया तो आबादी वाले हिस्सों और कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंच सकता है. उन्होंने जल संसाधन/सिंचाई विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि तय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण जिओ बैग पिचिंग का कार्य तत्काल पूरा किया जाए, ताकि कटाव को आगे बढ़ने से रोका जा सके.

बाढ़ प्रभावित दियारा वासियों को स्वास्थ्य व राहत सुविधाएं देने का आदेश
लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते दियारा के निचले और तटवर्ती इलाकों के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर चुके हैं. मंत्री ने अनुमंडल प्रशासन को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित सभी गांवों में शुद्ध पेयजल, नाव, दवाइयां और स्वास्थ्य शिविरों जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं अविलंब मुहैया कराई जाएं.

"गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे दियारा क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. हमलोग SDO और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के साथ कटाव का जायजा लेने पहुंचे हैं, ताकि प्रभावित लोगों की कठिनाइयों को समझा जा सके. ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और उनके त्वरित समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं. कुछ स्थानों पर खाद्यान्न एवं राहत वितरण को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं. हमारी सरकार की स्पष्ट प्राथमिकता है कि जनता की हर समस्या का समाधान शीर्ष स्तर पर हो और सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं. राहत अथवा कटाव निरोधी कार्यों में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ अत्यंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी." — रामकृपाल यादव, सहकारिता मंत्री, बिहार सरकार

ग्रामीणों ने लगाया संवेदक और विभागीय अधिकारियों पर मनमानी का आरोप
निरीक्षण के दौरान दियारा के स्थानीय निवासियों ने मंत्री के समक्ष अपना आक्रोश व्यक्त किया. ग्रामीणों का आरोप था कि जब कटाव निरोधी कार्य चल रहा था, तब स्थानीय जनप्रतिनिधि या अधिकारी निगरानी के लिए नहीं पहुंचे, जिसके कारण संवेदक ने मनमाने तरीके से गुणवत्ताहीन कार्य कराया.
इस निरीक्षण के दौरान दानापुर एसडीओ अनिरुद्ध पांडेय, अंचलाधिकारी (CO) पीके गुप्ता, सिंचाई विभाग के अभियंता, भाजपा नेता भाई सनोज यादव, बिजेंद्र कुमार उर्फ गोप, रंजीत कुमार, गोरखनाथ शर्मा, स्थानीय मुखिया सुभाष प्रसाद यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read: पटना सिटी में गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, एसडीआरएफ और गोताखोर चला रहे सर्च ऑपरेशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए