जेठुली गंगा घाट के पास शराब तस्करी का भंडाफोड़, 1181 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
गिरफ्तार आरोपी के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी
जेठुली गंगा घाट पर शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने 1181 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब जब्त की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया.
पटना से एस के सिंह की रिपोर्ट
Jethuli Liquor Smuggling : फतुहा. नदी थाना क्षेत्र के जेठुली गंगा घाट के समीप पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. सोमवार की देर रात छापेमारी कर पुलिस ने 135 कार्टन में रखी 1181.520 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, शराब की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे 12 चक्का ट्रक और एस्कॉर्ट करने वाले पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया. बरामद शराब की कीमत करीब 15 लाख रुपये बतायी जा रही है.
रात एक बजे मिली थी गुप्त सूचना
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फतुहा-1 अवधेश कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार की देर रात करीब एक बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जेठुली गंगा घाट के पास 12 चक्का ट्रक से शराब उतारकर एस्कॉर्ट पिकअप वाहन पर लोड की जा रही है. ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब होने और उसे दूसरे वाहन से आगे पहुंचाने की तैयारी की सूचना मिली थी.
पुलिस को देखते ही मची अफरातफरी
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर गंगा घाट के समीप छापेमारी की गयी. पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गयी. पुलिस ने शराब लदे ट्रक और एस्कॉर्ट पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया.
ट्रक से 111 और पिकअप से मिले 24 कार्टन
वाहनों की तलाशी के दौरान ट्रक से 111 कार्टन और पिकअप से 24 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. दोनों वाहनों से कुल 135 कार्टन में 1181.520 लीटर शराब जब्त की गयी.
कच्ची दरगाह का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से प्रेम कुमार (24), पिता दीनानाथ राय, निवासी कच्ची दरगाह, थाना नदी, जिला पटना को गिरफ्तार किया है. जब्त ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच-02 एएन-2028 और एस्कॉर्ट पिकअप का नंबर डब्ल्यूबी-15 एच-7242 है.
तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
इस मामले में नदी थाना कांड संख्या 433/2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
छापेमारी टीम में नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, अपर थानाध्यक्ष देवकर्ण बैठा, पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र कुमार, संतोष कुमार, बलवंत प्रसाद सिंह और नदी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
