पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर रिकॉर्ड में दिखाया मृत, आर्मी जवान पति गिरफ्तार
गिरफ्तार शिवरंजन | Prabhat Khabar Network
धनरूआ में जीवित पत्नी को मृत बताकर सरकारी रिकॉर्ड में फर्जीवाड़ा करने वाले आर्मी जवान पति को पुलिस ने जहानाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
Patna News : मसौढ़ी के धनरूआ थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव में जीवित पत्नी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी रिकॉर्ड में उसे मृत दिखाने के आरोप में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पति को जहानाबाद से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी मुस्तफापुर निवासी आर्मी जवान शिवरंजन कुमार से पुलिस पूछताछ कर रही है.
आपके शहर में
सर्विस बुक और पेंशन रिकॉर्ड में भाभी का नाम दर्ज कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी जीवित पत्नी निशा कुमारी की जगह अपनी विधवा भाभी किरण देवी का नाम पत्नी के रूप में सर्विस बुक और पेंशन रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया था. निशा कुमारी ने पिछले वर्ष धनरूआ थाना में पति के खिलाफ इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसके बाद से ही शिवरंजन कुमार फरार चल रहा था.
आरटीआइ से सामने आया फर्जीवाड़ा
पीड़िता ने आरटीआइ के माध्यम से जब सरकारी रिकॉर्ड की जानकारी मांगी, तब कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ. आरोप है कि 4 अगस्त 2023 को मसौढ़ी न्यायालय से बनवाये गये शपथ पत्र में निशा कुमारी की मृत्यु की तारीख 5 मई 2005 दर्ज करायी गयी थी. जबकि इसके कुछ दिन बाद 31 मई 2005 को सेना की ओर से उसी महिला को गुजारा भत्ता देने का आदेश जारी किया गया था.
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर रिकॉर्ड बदलने का आरोप
आरोप है कि इसके बाद 30 अगस्त 2023 को धनरूआ प्रखंड कार्यालय से कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया गया. इसी प्रमाण पत्र के आधार पर सर्विस बुक में पत्नी के स्थान पर आरोपी की विधवा भाभी किरण देवी का नाम दर्ज कराने का आरोप है. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए