पटना में छठ के दौरान दीघा घाट पर सिलिंडर ब्लास्ट, 25 लोग बेहोश; पटाखों से झुलसे 18 श्रद्धालु, PMCH में चल रहा इलाज

Updated:
विज्ञापन

pmch, पटना

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पटना के दीघा घाट पर छठ के दौरान खाना बनाते समय छोटा गैस सिलिंडर फटने से व्रती के पांच परिजन झुलस गये. पटाखों की चपेट में आने से पीएमसीएच और आईजीआईएमएस में कुल 18 जले हुए मरीज पहुंचे, जिनमें कई की सर्जरी करनी पड़ी. वहीं, गंगा घाटों पर भीड़, उमस, धूप और धक्का-मुक्की के कारण करीब 25 लोग चक्कर खाकर बेहोश हो गये. पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच, न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल और एम्स में उनका इलाज कराया गया.

विज्ञापन

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान गंगा घाटों पर कई हादसे हुए. शहर के दीघा घाट पर खाना बनाते समय एक छोटा गैस सिलिंडर फट गया, जिससे व्रती के पांच परिजन झुलस गये. सभी को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. इसके अलावा अलग-अलग घाटों पर पटाखों की चपेट में आने से चार अन्य लोग भी झुलस गये. इस तरह कुल नौ बर्न मरीजों को पीएमसीएच के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया. इनमें से चार को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच का इलाज जारी है.

विज्ञापन

इसी तरह आईजीआईएमएस में भी पटाखों की चपेट में आने से नौ लोग झुलसकर पहुंचे. इनमें तीन मरीजों की सर्जरी की गई, जबकि अन्य तीन मरीजों की सर्जरी मंगलवार को की जानी है. वहीं, गंगा घाटों पर उमड़ी भारी भीड़, उमस और धक्का-मुक्की के कारण करीब 25 लोग चक्कर खाकर बेहोश हो गये. सभी को पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच, न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल और एम्स में इलाज के लिए पहुंचाया गया.

19 बर्न मरीज पहुंचे, कई की सर्जरी की तैयारी

पीएमसीएच के अधीक्षक प्रो. डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घाट पर सिलिंडर फटने और पटाखों की चपेट में आने से कुल नौ बर्न मरीज अस्पताल पहुंचे हैं. इनमें चार लोग अधिक झुलसे हैं, जिनकी सर्जरी की तैयारी की गई है. सभी मरीजों का इलाज जारी है.

वहीं, आईजीआईएमएस के उपनिदेशक प्रो. डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि पटाखों से झुलसकर नौ मरीज अस्पताल पहुंचे थे. इनमें तीन मरीजों को हल्की चोटें आयी थीं. इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. बाकी छह मरीजों में से तीन की सर्जरी की गई है, जबकि अन्य मरीजों की सर्जरी की तैयारी की गई है.

डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं, लेकिन झुलसे हुए मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया है. बर्न वार्ड में उनकी ड्रेसिंग और दवाओं के माध्यम से इलाज किया जा रहा है.

भीड़, उमस और धक्का-मुक्की से 25 लोग हुए बेहोश

शहर के दीघा, कलेक्ट्रेट घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. सुबह से ही घाटों पर भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं थी. तेज धूप, उमस, भूखे-प्यासे रहने और भीड़ में धक्का-मुक्की के कारण करीब 25 लोग चक्कर खाकर बेहोश हो गये. इनमें अधिकतर महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे.

घाटों पर तैनात मेडिकल टीम और एनडीआरएफ के जवानों ने बेहोश हुए लोगों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया.

पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच और एम्स में हुआ इलाज

पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में सबसे अधिक मरीज पहुंचे. इसके अलावा आईजीआईएमएस, एनएमसीएच और एम्स में भी बेहोश हुए लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

डॉक्टरों ने बताया कि बेहोश हुए अधिकांश मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. कुछ मरीजों में डिहाइड्रेशन और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत मिली थी. उन्हें कुछ देर निगरानी में रखने और जरूरी उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन