पटना के दीदारगंज में संध्या अर्घ्य के दिन नदी में डूबे थे तीन किशोर, 24 घंटे बाद एक-एक कर मिले शव
छठ पर्व की तैयारियों के बीच पटना के दीदारगंज में दुखद घटना. छठ घाट सजाने गए तीन किशोर नदी में डूबने से मौत. 24 घंटे की तलाश के बाद मिले शव.
Patna News: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में छठ घाट सजाने के दौरान नदी में डूबे तीन किशोरों की मौत हो गई. करीब 24 घंटे तक चली तलाश के बाद सोमवार को तीनों के शव नदी से बरामद किए गए. संध्या अर्घ्य से पहले एक-एक कर तीनों किशोरों के शव मिलने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. छठ पर्व की तैयारियों के बीच जिन घरों में खुशियां थीं, वहां चीख-पुकार और मातम पसर गया.
छठ घाट सजाने के दौरान नदी में डूबे थे तीनों किशोर
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर गांव के तीन किशोर छठ महापर्व को लेकर नदी किनारे घाट सजाने गए थे. इसी दौरान तीनों नदी में डूब गए. हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजन और ग्रामीण बच्चों की तलाश में जुट गए. परिवार के लोगों को उम्मीद थी कि तीनों सुरक्षित मिल जाएंगे. करीब एक दिन तक उनकी तलाश जारी रही, लेकिन सोमवार को तीनों के शव बरामद हुए.
कई घंटे के अंतराल पर मिले तीनों के शव
सोमवार को कई घंटे के अंतराल पर नदी से तीनों किशोरों के शव निकाले गए. सबसे पहले आदित्य का शव बरामद हुआ. इसके कुछ घंटे बाद सूरज का शव मिला और अंत में यशराज का शव बरामद किया गया. संध्या अर्घ्य से पहले तीनों बच्चों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. शव मिलने के बाद परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. परिवार के सदस्यों का विलाप सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं.
छठ की खुशियां मातम में बदलीं
छठ महापर्व को लेकर मिर्जापुर गांव में उत्साह का माहौल था. नदी और घाटों पर पूजा की तैयारियां चल रही थीं. इसी बीच हुए हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. परिजन करीब 24 घंटे तक बच्चों के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे रहे, लेकिन तीनों के शव मिलने के बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
घटना की सूचना मिलने पर दीदारगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. छठ के मौके पर हुई इस दर्दनाक घटना से मिर्जापुर गांव के साथ आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए