पटना में कारोबारी के घर 25 लाख से अधिक की चोरी, बेटी की शादी के लिए दिल्ली गया था पूरा परिवार

Updated:
विज्ञापन

पुनाईचक में कारोबारी के घर से 25 लाख से अधिक की सामान चोरी

पटना के शास्त्रीनगर में एक कारोबारी के घर से 25 लाख रुपये से अधिक की चोरी हो गई. परिवार बेटी की शादी की तैयारियों के लिए दिल्ली गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने घर के ताले तोड़कर लाखों के गहने, चांदी के सामान और कीमती वस्तुएं पार कर दीं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन

पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर पुनाईचक में बदमाशों ने एक कारोबारी के घर से 25 लाख रुपये से अधिक के गहने, चांदी के सामान और अन्य कीमती वस्तुओं की चोरी कर ली. घटना 27 अगस्त की देर रात की है. कारोबारी राजीव रंजन मिश्रा अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के लिए पूरे परिवार के साथ 25 अगस्त की शाम दिल्ली गये थे. एक सितंबर को वापस लौटने पर उन्हें घर में चोरी की जानकारी हुई.

आपके शहर में

विज्ञापन

मेन गेट से लेकर कमरों तक टूटे मिले ताले

राजीव रंजन मिश्रा जब परिवार के साथ घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला. इसके बाद घर के अंदर जाने पर जी प्लस टू मकान के कई कमरों के ताले भी टूटे मिले.

बदमाशों ने घर के अंदर रखी आलमारियों और लॉकर को भी नहीं छोड़ा. उन्हें तोड़कर गहने और अन्य कीमती सामान निकाल लिये गये. घर के अलग-अलग कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियां खुली हुई थीं.

बताया गया कि बदमाशों ने घर के लगभग हर हिस्से को खंगाला और कीमती सामान की तलाश की. गहनों के अलावा चांदी के सामान और अन्य कीमती वस्तुएं भी चोरी कर ली गयीं.

बेटी की शादी के लिए बनवाये थे 10 भर सोने के गहने

राजीव रंजन मिश्रा ने अपनी बेटी की शादी के लिए करीब 10 भर सोने के गहने बनवा रखे थे. इसके अलावा घर में पहले से रखे सोने के कुछ गहने भी थे.

चोर करीब 2.50 किलो चांदी के गहने और बर्तन, 100 से अधिक चांदी के सिक्के तथा कांसा और पीतल के कई बर्तन भी अपने साथ ले गये. चोरी गये सामान की कुल कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बतायी जा रही है.

राजीव रंजन मिश्रा ने बताया कि बेटी की शादी की व्यवस्था के लिए वे लोग दिल्ली गये थे. इसी दौरान बदमाशों ने घर को निशाना बना लिया.

सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, पुलिस कर रही पहचान

घर में चोरी का पता चलने के बाद घटना की सूचना शास्त्रीनगर थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच की. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो संदिग्ध लोग जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. कारोबारी ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया है. फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

50 साल पुराना है कारोबारी का मकान

राजीव रंजन मिश्रा का जी प्लस टू यानी तीन मंजिला मकान करीब 50 साल पुराना है. वह इसी मकान में रहते हैं. परिवार के दिल्ली जाने के दौरान घर खाली था, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन