पटना में जन्माष्टमी पर बदला ट्रैफिक रूट, इस्कॉन मंदिर जाने वाले इन रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री, जानें कहां होगी पार्किंग
पटना इस्कॉन मंदिर
Patna Janmashtami Traffic Diversion : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पटना के इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों में वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है. जानें ट्रैफिक बदलाव और पार्किंग की व्यवस्था.
Patna Janmashtami Traffic Diversion : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पटना के इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए शुक्रवार को इस्कॉन मंदिर और आसपास के इलाकों में वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. बुद्ध मार्ग और इस्कॉन मंदिर की ओर निजी वाहनों के साथ व्यावसायिक वाहनों को भी जाने की अनुमति नहीं होगी. यातायात पुलिस ने भीड़ और जाम को नियंत्रित करने के लिए कई मार्गों में बदलाव किया है. यह व्यवस्था शुक्रवार सुबह से जन्माष्टमी कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी.
आपके शहर में
बुद्ध मार्ग और इस्कॉन मंदिर की ओर वाहनों पर रोक
यातायात एसपी सागर कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. जीपीओ फ्लाइओवर से बुद्ध मार्ग की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी. इसके अलावा अदालतगंज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा.
कई प्रमुख रास्तों से बदला रहेगा ट्रैफिक रूट
कोतवाली की ओर से बुद्ध मार्ग की तरफ आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहा होते हुए पटना जंक्शन की ओर जाने दिया जाएगा. वहीं, जीपीओ के नीचे से इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को आर-ब्लॉक की तरफ मोड़ दिया जाएगा.
फ्रेजर रोड से श्रीनिवास पथ और बंदर बगीचा की ओर से बुद्ध मार्ग की तरफ वाहनों के आने पर भी प्रतिबंध रहेगा. इसके अलावा बुद्ध मार्ग से जुड़ने वाले सभी संपर्क पथों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में अपने वाहन लेकर जाने से बचें. लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा कर मंदिर की ओर जाने की सलाह दी गई है. इससे भीड़ वाले इलाकों में जाम की स्थिति से बचने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने में मदद मिलेगी.
इन जगहों पर होगी वाहनों की पार्किंग
श्रद्धालुओं और अन्य लोगों के वाहनों के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. मौर्यालोक, बुद्ध स्मृति पार्क, जीपीओ, मल्टी-मोडल हब और मिलर हाइस्कूल में वाहन पार्क किए जा सकेंगे.
तीन डीएसपी समेत 200 पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था
जन्माष्टमी के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है. तीन डीएसपी, 50 पुलिस अधिकारी और 150 जवानों को ड्यूटी में लगाया गया है. इसके अलावा इलाके में गश्ती टीम भी तैनात रहेगी.
सादे कपड़ों में भी तैनात रहेगी पुलिस
इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के दौरान अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जेबकतरे और मोबाइल चोरी करने वाले बदमाशों को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई है. पुलिस के अनुसार, भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश लोगों के पर्स, मोबाइल फोन और सोने की चेन पर हाथ साफ करने की कोशिश कर सकते हैं. इसे देखते हुए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.
भीड़ और जाम पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस की कोशिश है कि मंदिर और आसपास के इलाकों में अनावश्यक भीड़ जमा न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और गश्ती टीम लगातार निगरानी करेगी.
Also Read : पटना के डॉक्टर से 30 लाख की रंगदारी, शेखपुरा से पकड़ा गया नाबालिग, कारोबारी से भी मांगा था ₹10 लाख
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए