बिहार के इंजीनियर की करोड़ों की काली कमाई का खुलासा, जानिए रेड में 3 फ्लैट, 12 जमीन के प्लॉट समेत क्या-क्या मिला

रेड के दौरान की तस्वीर
Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई में पर्यटन विभाग के इंजीनियर की करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है. छापेमारी में 3 फ्लैट, 12 भूखंड, 19 बैंक खाते, लाखों के गहने और कई अहम दस्तावेज मिले हैं.
Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है. इस बीच पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में उनके तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई.
प्रारंभिक जांच में इंजीनियर के पास आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक, यानी लगभग 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं. इसके बाद निगरानी विभाग ने मामला दर्ज कर छापेमारी की.
रेड में मिले 3 फ्लैट और 12 प्लॉट
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को इंजीनियर अवधेश कुमार सिन्हा की बड़ी संपत्ति का पता चला. उनके नाम तीन फ्लैट और 12 प्लॉट के दस्तावेज मिले हैं. फिलहाल जांच एजेंसी इन भूखंडों के स्थान और कीमत का आकलन कर रही है. इसके अलावा कई अन्य चल और अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.
19 बैंक खाते और भारी निवेश के मिले सबूत
निगरानी विभाग को छापेमारी के दौरान 19 बैंक खातों की जानकारी भी मिली है. साथ ही बीमा योजनाओं में निवेश और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. जांच एजेंसी अब इन सभी निवेशों के स्रोत की जांच कर रही है.
आशियाना नगर में आलीशान मकान
जांच में पता चला कि अवधेश कुमार सिन्हा ने पटना के आशियाना नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में करीब दो कट्ठा चार धूर जमीन 75.63 लाख रुपये में खरीदी थी.
इस जमीन पर करीब 97 लाख रुपये खर्च कर आलीशान मकान बनवाया गया. दस्तावेजों के मुताबिक निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार को शुरुआती भुगतान भी किया गया था.
गहने, नकदी और कार भी मिली
छापेमारी के दौरान निगरानी विभाग ने 61 हजार रुपये नकद बरामद किए. इसके अलावा करीब 5.05 लाख रुपये के सोने के आभूषण, 3.07 लाख रुपये के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण और 1.52 लाख रुपये के चांदी के आभूषण भी मिले हैं. जांच में एक हुंडई कार का भी पता चला है.
बीमा में भी किया था निवेश
जांच एजेंसी को ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि इंजीनियर ने अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा बीमा योजनाओं में भी निवेश किया था. अब इन निवेशों के स्रोत और भुगतान की भी जांच की जा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ईडी ने बांका में भी बरामद किए 2.92 करोड़ रुपये
बिहार के बांका जिले में अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई में 2.92 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
ईडी ने कई सेल डीड, बैंक खातों का विवरण, चेक, ऋण समझौते, निवेश से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं. इस कार्रवाई की जानकारी ईडी के पटना क्षेत्रीय कार्यालय ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है.
जांच अभी जारी
निगरानी विभाग और ईडी दोनों ही मामलों में आगे की जांच जारी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि संपत्तियां और निवेश किन स्रोतों से किए गए और क्या इनमें भ्रष्टाचार या अवैध कमाई का इस्तेमाल हुआ है.
Also Read: खान सर ने कहा- जो मुझे जीजा मानता है, वही फैजल खान कहता है, दो आधार कार्ड के आरोपों पर भी दी सफाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










