पटना: शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, गोपालपुर में पिकअप से मिली 586 बोतल शराब
शराब बोतल के साथ पुलिस
गोपालपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए उदायिनी आशीर्वाद कॉलोनी से अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने मौके से शराब से लदी पिकअप वैन को जब्त कर लिया है.
Liquor Smuggling: गोपालपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उदायिनी आशीर्वाद कॉलोनी से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है. पुलिस ने शराब लदी पिकअप को जब्त कर लिया, जबकि पुलिस की भनक लगते ही वाहन से शराब उतार रहा एक व्यक्ति मौके से भाग निकला. पुलिस फरार तस्कर की पहचान और शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के अनुसार, 10 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि उदायिनी आशीर्वाद कॉलोनी में शराब की खेप पहुंचायी गयी है और वहां से उसे कहीं ले जाने की तैयारी चल रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया. टीम के पहुंचते ही एक पिकअप वाहन नजर आया, जिसके पास एक व्यक्ति सामान उतार रहा था.
पुलिस को देखते ही फरार हुआ संदिग्ध
पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने तिरपाल से ढके पिकअप वाहन की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली. वाहन को जब्त कर थाना लाया गया और शराब की गिनती की गयी.
ऑल सीजन की 562 और इंपीरियल ब्लू की 24 बोतल
पुलिस के मुताबिक, पिकअप से ऑल सीजन ब्रांड की 562 बोतल और इंपीरियल ब्लू की 24 बोतल बरामद हुई. इस तरह कुल 586 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गयी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
फरार तस्कर की पहचान में जुटी पुलिस
कार्रवाई में एसआइ सुरेंद्र पासवान, एसआइ राम कुमार, एसआइ अनिल कुमार, सिपाही प्रशांत कुमार, मनोज कुमार, रौशन कुमार और नागेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि फरार व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस छानबीन कर रही है. शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटायी जा रही है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फर्जी अधिकारी बने बहनोई-साला, सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करते थे पैसों की उगाही, पटना पुलिस ने दबोचा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए