छठ में गांव गया था मंत्री का परिवार, पटना के घर में 80 लाख की चोरी, सोना-चांदी और कैश ले उड़े चोर
संजय सिंह टाइगर और उनके घर में चोरी के बाद की तस्वीर
Bihar Crime News: बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित पैतृक आवास में छठ के दौरान बड़ी चोरी हुई है. परिवार के गांव जाने पर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और करीब 80 लाख रुपये के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए. इनमें 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी और सात लाख रुपये कैश शामिल हैं.
Bihar Crime News: बिहार सरकार के उच्च शिक्षा और विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर के पटना स्थित निजी आवास को चोरों ने निशाना बनाया है. छठ महापर्व के दौरान बंद पड़े घर में घुसे चोर करीब 80 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी की इस घटना में करीब 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और सात लाख रुपये नकद शामिल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
छठ मनाने गांव गया था परिवार, खाली घर देखकर चोरों ने बनाया निशाना
चोरी की यह वारदात पटना के एजी कॉलोनी स्थित मकान संख्या बी-20 में हुई. घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था. मंत्री संजय सिंह टाइगर का परिवार छठ महापर्व के लिए बाहर गया हुआ था. मकान में फिलहाल उनके भाई का परिवार रहता है. परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए.
चोरों ने कमरों और अलमारियों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी जा रही है.
सुबह मिली चोरी की सूचना, पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची
रविवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच स्थानीय थाने को चोरी की सूचना मिली. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान पता चला कि यह मंत्री संजय सिंह टाइगर का पैतृक आवास है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.
थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, चोर करीब 600 ग्राम सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान के साथ सात लाख रुपये नकद ले गए हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
रात्रि गश्ती के बावजूद चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
एसडीपीओ सचिवालय-2 साकेत कुमार ने बताया कि मंत्री का पैतृक आवास एजी कॉलोनी में एकांत जगह पर है. घटना की रात आसपास के कई घर भी खाली थे. ऐसे में किसी को चोरी की भनक नहीं लगी. यह इलाका शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के आईजीआईएमएस टीओपी-2 के अंतर्गत आता है.
एसडीपीओ के मुताबिक, घटना के दौरान रात्रि गश्ती दल के जवान ड्यूटी पर तैनात थे. इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. छठ के दौरान बड़ी संख्या में लोग घर बंद कर अपने गांव चले जाते हैं. चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. तकनीकी जांच के साथ मानवीय सूचना के आधार पर भी चोरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. सीसीटीवी में किसी संदिग्ध गतिविधि के सवाल पर एसडीपीओ ने कहा कि फिलहाल कुछ भी कहना जांच को प्रभावित कर सकता है.
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. अभी तक चोरों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए