पटना : इंस्पेक्टर की बेटी अगवा, तीन घंटे में मिली
Updated at : 19 Mar 2019 9:51 AM (IST)
विज्ञापन

शाहपुर के मुबारकपुर मुहल्ले से बच्ची का कर लिया था अपहरण पटना/करपी : पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मुहल्ले से अगवा पांच वर्षीया मिष्टी कुमारी काे करपी पुलिस ने थाने के मुख्य द्वार से तीन घंटे में बरामद कर लिया और अपहरणकर्ता कार चालक चंद्रशेखर कुमार को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही […]
विज्ञापन
शाहपुर के मुबारकपुर मुहल्ले से बच्ची का कर लिया था अपहरण
पटना/करपी : पटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मुहल्ले से अगवा पांच वर्षीया मिष्टी कुमारी काे करपी पुलिस ने थाने के मुख्य द्वार से तीन घंटे में बरामद कर लिया और अपहरणकर्ता कार चालक चंद्रशेखर कुमार को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही कार भी जब्त कर ली गयी है. मिष्टी के पिता मनोज कुमार रंजन बेगूसराय में मोबाइल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं. बरामदगी की सूचना मिलने पर मनोज कुमार रंजन करपी थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने बच्ची को उनके हवाले कर दिया. कार चालक से पूछताछ की जा रही है. गिरफ्तार चालक चंद्रशेखर कुमार बिहटा के देवकुली का रहने वाला है और वह तीन साल से गाड़ी चला रहा था. देवकुली में मनोज कुमार रंजन का ससुराल है, जिसके कारण वह काफी करीबी था.
बाजार जाने के दौरान बच्ची को लेकर भाग निकला था चालक
मनोज कुमार रंजन ने बताया कि सोमवार को 12 बजे दिन में पत्नी प्रियंका बेटी के साथ होली की खरीदारी करने मार्केट जा रही थी. बेटी को लेकर वह कार में बैठी हुई थी कि अचानक कुछ काम याद आते ही वापस बेटी को कार में छोड़ कर अपने डेरा में चली गयी.
इसी बीच चालक बेटी को लेकर वहां से भाग गया था. इसके बाद उनकी पत्नी ने चालक के दोनों मोबाइल नंबर पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ बताने लगा. पत्नी ने उन्हें इसकी जानकारी दी और फिर पुलिस को जानकारी दी गयी. इधर, शाहपुर पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना पूरे बिहार में वायरलेस से प्रसारित की. करीब तीन बजे करपी पुलिस भी सूचना के अनुसार थाना के गेट पर वाहन चेक करने में जुट गयी और तभी वह कार वहां पहुंची. करपी पुलिस के पास कार का नंबर था, जिसके कारण तुरंत ही पहचान कर ली गयी और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. करपी थानाध्यक्ष मो इरशाद आलम ने बच्ची के बरामदगी की पुष्टि की और बताया कि परिजनों के हवाले कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि बच्ची के अपहरण करने के मकसद के संबंध में चालक से पूछताछ की जा रही है.
घटना को अंजाम देने में शामिल हो सकते हैं और
बच्ची के अपहरण कर फिरौती वसूलने की योजना को पुलिस ने नाकाम करते हुए चालक को पकड़ लिया. लेकिन पुलिस चालक से यह पूछताछ कर रही है कि उसके साथ और कौन-काैन लोग थे. क्योंकि यह पूरी आशंका है कि चालक बच्ची को लेकर गुप्त ठिकाने पर छिपाने के लिए ले जा रहा था, ताकि फिरौती की रकम वसूल सके. सूत्रों का कहना है कि उसने दो और लोगों के नामों की जानकारी भी पुलिस को दी है. उनकी निशानदेही पर पुलिस अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




