करबिगहिया गोलंबर बनते ही जुड़ जाएंगे 4 बड़े फ्लाईओवर, बदल जाएगा शहर का ट्रैफिक सिस्टम
Karbighiya Golambar
Patna News: राजधानी पटना के ट्रैफिक को स्मूथ बनाने के लिए एक ऐसा महा-प्लान तैयार हुआ है, जहां चार दिशाओं के फ्लाईओवर एक ही जगह आकर मिलेंगे और सफर का समय आधा कर देंगे. करबिगहिया गोलंबर बनते ही एक साथ चार दिशाओं में खुलेगा रास्ता.
Patna News: पटना के दक्षिणी हिस्से में ट्रैफिक की पुरानी परेशानी अब खत्म होने वाली है. करबिगहिया गोलंबर का निर्माण जैसे ही पूरा होगा, यहां चार फ्लाईओवर आपस में जुड़ जाएंगे और मीठापुर, चिरैयाटांड़, न्यू बाइपास और सिपारा के बीच आवागमन बेहद आसान हो जाएगा.
आपके शहर में
वर्षों से अधर में लटका ट्रैफिक प्लान अब जमीन पर उतरता दिख रहा है, जिससे राजधानी के लाखों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
तीन साल से तैयार फ्लाईओवर को मिलेगा रास्ता
करबिगहिया से न्यू बाइपास की ओर जाने वाला फ्लाईओवर तीन साल पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन गोलंबर के अभाव में इस पर आवागमन शुरू नहीं हो पाया.
जैसे ही गोलंबर का निर्माण पूरा होगा, यह फ्लाईओवर चालू हो जाएगा और वाहन सीधे न्यू बाइपास की ओर बढ़ सकेंगे. इससे स्टेशन और कंकड़बाग इलाके का दबाव भी कम होगा.
स्टील फ्रेम पर बनेगा नया एलिवेटेड रोड
करबिगहिया गोलंबर से चिरैयाटांड़ पुल को जोड़ने के लिए 490 मीटर लंबा दो लेन का एलिवेटेड रोड स्टील फ्रेम पर बनाया जा रहा है. इसके पाये तैयार हैं.
चिरैयाटांड़ पुल से उतरने वाले रैंप में बदलाव के साथ अतिरिक्त संरचना भी जोड़ी जाएगी. यह कनेक्शन तैयार होने के बाद स्टेशन रोड और मीठापुर के बीच सफर काफी तेज हो जाएगा.
मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड से खुलेगा नया कॉरिडोर
मीठापुर से सिपारा होते हुए महुली तक बनने वाला एलिवेटेड रोड अगले आठ महीने में पूरा होने की संभावना है. अक्टूबर से इस पर गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो सकती है. चाणक्या मैनेजमेंट संस्थान से न्यू बाइपास के बीच शेष कार्य तेजी से चल रहा है. सिपारा से न्यू बाइपास के उत्तर हिस्से तक निर्माण लगभग पूरा है.
एक गोलंबर, चार दिशाएं
करबिगहिया गोलंबर के पास न्यू बाइपास से आने वाला फ्लाईओवर, चिरैयाटांड़ की ओर से आने वाला एलिवेटेड रोड और मीठापुर साइड से बन रहा एलिवेटेड कॉरिडोर एक ही बिंदु पर मिलेंगे. इसके बाद मीठापुर फ्लाईओवर से सीधे कंकड़बाग, गांधी सेतु और गुलजारबाग तक बिना रुकावट पहुंचना संभव होगा.
दक्षिण पटना के लिए यह प्रोजेक्ट सिर्फ सड़क निर्माण नहीं, बल्कि ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव है. आने वाले महीनों में इसका असर राजधानी की रोजमर्रा की रफ्तार पर साफ दिखेगा.
Also Read: क्रीमी दूध के साथ बिहार में नमस्ते इंडिया की एंट्री, कंपनी करेगी 350 करोड़ रुपये का निवेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए