नवादा के 159 शिक्षकों ने सीखा कौशल आधारित शिक्षण, छह दिनों तक चली ट्रेनिंग
समापन समारोह में मौजूद शिक्षक व प्रशिक्षक | Prabhat Khabar Network
Nawada Skill Awareness Training : नवादा डायट में 159 शिक्षकों ने 'कौशल बोध' प्रशिक्षण पूरा किया. जानिए कैसे यह पहल विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक बदलाव लाएगी और शिक्षकों को अनुभवात्मक शिक्षण के लिए तैयार करेगी.
Nawada Skill Awareness Training : नवादा के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित छह दिवसीय ‘कौशल बोध’ शिक्षक प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ. 23 से 28 नवंबर 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों के 159 शिक्षकों ने हिस्सा लिया. इसका उद्देश्य कक्षा छह की ‘कौशल बोध’ गतिविधि पुस्तिका के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों को कौशल आधारित और अनुभवात्मक शिक्षण की जानकारी देना था.
डायट नवादा में छह दिवसीय कौशल बोध प्रशिक्षण का समापन
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नवादा में 23 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित छह दिवसीय ‘कौशल बोध’ शिक्षक प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन हुआ. इसमें नवादा जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 159 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ-एसई 2023) के अनुरूप कक्षा छह की ‘कौशल बोध’ गतिविधि पुस्तिका को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शिक्षकों की समझ और दक्षता विकसित करना था.
अनुभवात्मक अधिगम और परियोजना आधारित शिक्षण की मिली जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अनुभवात्मक अधिगम, कार्य के तीन स्वरूप, परियोजना आधारित शिक्षण और स्थानीय संसाधनों के उपयोग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई. इसके साथ ही श्रम की गरिमा और व्यावसायिक शिक्षा के व्यावहारिक पक्षों पर भी विभिन्न सत्र आयोजित किए गए. इन गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा में बच्चों को करके सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के तरीकों से परिचित कराया गया.
जीवनोपयोगी कौशल और आत्मनिर्भरता विकसित करना शिक्षा का उद्देश्य
संस्थान के प्राचार्य अखलाक खान ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है. विद्यार्थियों में जीवनोपयोगी कौशल, सृजनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि ‘कौशल बोध’ प्रशिक्षण शिक्षकों को विद्यालयों में गतिविधि आधारित और अनुभवात्मक शिक्षण प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक बदलाव की दिशा में पहल
आईक्यूएसी समन्वयक राकेश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि यह प्रशिक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. कौशल आधारित शिक्षण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार, सहयोग, स्थानीय संसाधनों के प्रति सम्मान और जीवन कौशल का विकास होता है. इससे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है.
प्रशिक्षण के संचालन में व्याख्याताओं की रही अहम भूमिका
प्रशिक्षण के सफल संचालन में संस्थान के वरीय व्याख्याता डॉ. नितिन कुमार, व्याख्याता डॉ. नीतिश कुमार और व्याख्याता सुशील कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई. छह दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को कक्षा छह की गतिविधि पुस्तिका के प्रभावी इस्तेमाल और कौशल आधारित शिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई.
Also Read : नवादा: अकबरपुर के 167 स्कूलों में बाल संसद, अब बच्चे भी समझेंगे स्कूल और समाज की जिम्मेदारी
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए