नवादा में महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरे खेग्रामास कार्यकर्ता, वारिसलीगंज चौक पर पीएम का पुतला फूंका
पकरीबरावां के वारिसलीगंज मोड़ पर मंगाई को लेकर पुतला दहन करते लोग | Prabhat Khabar Network
Nawada News : पकरीबरावां में बढ़ती महंगाई के विरोध में ग्रामीण मजदूरों ने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका.
Nawada News : चीनी से लेकर खाद्य तेल, दाल और रसोई गैस तक बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. इसी मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामास) के कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर उतर आये. राज्यव्यापी आंदोलन के तहत कार्यकर्ताओं ने पकरीबरावां में विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और वारिसलीगंज चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका.
आपके शहर में
नारे लगाते हुए वारिसलीगंज चौक पहुंचे कार्यकर्ता
विरोध मार्च डाकबंगला मैदान से शुरू हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वारिसलीगंज चौक पहुंचा. हाथों में महंगाई विरोधी नारे लिखी तख्तियां लिये प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की. इस दौरान 'दाम बांधो, काम दो, काम का उचित दाम दो, वरना गद्दी छोड़ दो', 'रोको महंगाई, बांधो दाम, नहीं तो होगा नींद हराम' और 'खा गया चीनी, पी गया तेल, यह देखो ए मोदी का खेल' जैसे नारों से इलाका गूंजता रहा.
'महंगाई ने गरीबों की कमर तोड़ दी'
वारिसलीगंज चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए खेग्रामास के जिला सचिव कामरेड अजीत कुमार मेहता ने केंद्र सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों की कमर तोड़ दी है. रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की कीमतें बढ़ने से लोगों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल होता जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण करना चाहिए. साथ ही मजदूरों को पर्याप्त रोजगार और उनके श्रम का उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
धरनीबीघा में भी फूंका गया पीएम का पुतला
महंगाई के खिलाफ धरनीबीघा में भी खेग्रामास कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष कामरेड लटन रविदास के नेतृत्व में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका. कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.
आंदोलन जारी रखने का दिया संदेश
प्रदर्शन के दौरान जगदीश चौहान, महावीर मांझी, रामनंदन मांझी, लक्ष्मी देवी, डॉ. निजाम वाल्मीकि मेहता समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. मजदूरों ने रसोई के बढ़ते खर्च और रोजगार की कमी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने का संदेश दिया.
Also Read : बेगूसराय में गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए