नवादा की शिक्षिका निकिता भारती को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान 2026, 5 सितंबर को पटना में होंगी सम्मानित

Updated:
विज्ञापन

सम्मानित होने वाली शिक्षिका निकिता भारती | Prabhat Khabar Network

Nawada News : नवादा की शिक्षिका निकिता भारती को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 से 5 सितंबर को पटना में सम्मानित किया जाएगा.

विज्ञापन

Nawada News : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचारपूर्ण शिक्षण शैली और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए प्राथमिक विद्यालय शाहपुर नहर पर, नवादा की प्रधान शिक्षिका निकिता भारती का चयन राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए किया गया है. उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना में आयोजित राजकीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए हुआ चयन

मिर्जापुर, नवादा निवासी मंजू कुमारी और अमरेंद्र नारायण वर्मा की पुत्री निकिता भारती को लंबे समय से किए जा रहे उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए यह सम्मान मिलने जा रहा है. खेल आधारित गतिविधियों, टीएलएम निर्माण, अनोखे शिक्षण प्रयोगों, नवाचारपूर्ण कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और शिक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के लिए उन्हें यह गौरव हासिल हुआ है.

गुरुजनों के मार्गदर्शन को बताया अहम

राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयन की घोषणा के बाद निकिता भारती ने कहा कि इंटर विद्यालय आंती कादिरगंज के शारीरिक शिक्षक एवं राजकीय शिक्षक सम्मान 2024 प्राप्त संतोष कुमार वर्मा तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय आंती के प्रधानाध्यापक सुमन ग्रे के मार्गदर्शन से सम्मान के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार करने में काफी मदद मिली. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन सभी गुरुजनों की उपलब्धि है, जिन्होंने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी.

Also Read : औरंगाबाद के सलैया स्कूल के प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता को मिलेगा राजकीय शिक्षक पुरस्कार

खेल और गतिविधि आधारित शिक्षा पर जोर

निकिता भारती ने अपने शिक्षक जीवन में बच्चों की समग्र प्रगति को प्राथमिकता देते हुए कई पहल की हैं. पढ़ाई को बच्चों के लिए रुचिकर और सरल बनाने के लिए उन्होंने खेल आधारित गतिविधियों, विभिन्न प्रकार के टीएलएम निर्माण, रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों और नवाचारपूर्ण प्रयोगों को विद्यालय की गतिविधियों में शामिल किया. इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ने के साथ उनकी रचनात्मकता, अनुशासन और सहभागिता को भी बढ़ावा मिला.

2015 से शिक्षा के क्षेत्र में दे रहीं योगदान

निकिता भारती वर्ष 2015 से 2025 तक नगर मध्य विद्यालय, नवादा में कार्यरत रहीं. वर्ष 2025 से वह प्राथमिक विद्यालय शाहपुर नहर पर में प्रधान शिक्षिका के रूप में बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान कर रही हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किया.

Also Read : औरंगाबाद में सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया इलाज का अहम समय

विद्यालय के विकास में निभायी अहम भूमिका

विषम परिस्थितियों के बावजूद निकिता भारती ने हिम्मत नहीं हारी और विद्यालय के विकास के लिए लगातार काम करती रहीं. अपने समर्पण, मेहनत और निरंतर प्रयासों के माध्यम से उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए. साथ ही विद्यालय के अपने भवन के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभायी.

नियमित उपस्थिति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर जोर

विद्यालय के विकास के साथ उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया. उनका मानना है कि बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित शिक्षा नहीं, बल्कि व्यवहारिक, रचनात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षा मिलनी चाहिए. इसी सोच के साथ उन्होंने विद्यालय में कई ऐसे प्रयोग किए, जिनसे बच्चों को सीखने के बेहतर अवसर मिले.

सम्मान की सूचना से विद्यालय परिवार में खुशी

राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए निकिता भारती के चयन की सूचना से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है. इस उपलब्धि पर नगर मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार, कंप्यूटर शिक्षक साकेत कुमार सहित सैकड़ों शिक्षक, परिजन और सहयोगियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है.

Also Read : कुटुंबा में बढ़ रहा बटाने नदी का जलस्तर, नदी के बीच झोपड़ी में रह रहे लोगों को बाढ़ का खतरा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन