नवादा: दो घंटे में खुला बाइक लूटकांड, एक गिरफ्तार, अन्य आरोपितों की तलाश जारी

Author Bablu kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
बाइक के साथ गिरफ्तार बाइक चोर

बाइक के साथ गिरफ्तार बाइक चोर

नवादा नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुई बाइक लूट की घटना का पुलिस ने महज दो घंटे में खुलासा कर दिया है. एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद की गई है. पुलिस फरार अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा नगर थाना क्षेत्र के खरीदी बिगहा पुल के समीप गुरुवार की सुबह हुई एक बाइक लूट की घटना का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. नगर थाना इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक के साथ घटना में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है.

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह खरीदी बिगहा पुल के पास एक व्यक्ति से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर बाइक लूट ली थी. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए. तकनीकी अनुसंधान के दौरान गोंदापुर पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध युवक बाइक के साथ दिखाई दिया.

भागते समय रौशन कुमार दबोचा

पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोंदापुर खरीदी बिगहा निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है. कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने बाइक लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी जब्त कर ली.

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपित

नगर थाना में इस लूटकांड को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपित रौशन कुमार को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. नगर थाना इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और त्वरित एक्शन के आधार पर महज दो घंटे के भीतर मामले का पटाक्षेप कर दिया.

फरार अपराधियों की खोज जारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल गिरोह के फरार अन्य अपराधियों की भी पहचान सुदृढ़ता से कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही वारदात में शामिल पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Also Read: नवादा: बिजली संकट को लेकर विधायक का हस्तक्षेप, राजगीर ग्रिड से आपूर्ति बहाल करने की मांग


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन