आपसी झगड़े में मां ने 6 माह की बेटी को जमीन पर पटका, गंभीर हालत में नवादा रेफर
घटना के बाद अस्पताल के बाहर स्थानीय की भीड़
Nawada News : रजौली में पति-पत्नी के विवाद में मां ने अपनी 6 महीने की मासूम बेटी को जमीन पर पटक दिया. बच्ची गंभीर रूप से घायल है, जिसे नवादा रेफर किया गया है.
Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के तकिया मोहल्ला में बुधवार की रात पति-पत्नी के विवाद के दौरान एक मां पर अपनी 6 माह की मासूम बेटी को जमीन पर पटकने का आरोप लगा है. घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों का आरोप है कि पिछले चार महीने में यह चौथी बार है, जब महिला ने बच्ची के साथ मारपीट की है. घटना के बाद परिजन घायल बच्ची को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया.
आपके शहर में
बच्ची के शरीर पर चोट के निशान, हड्डी टूटने की आशंका
अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया. चिकित्सक के अनुसार, बच्ची दर्द से लगातार कराह रही थी और उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए. हड्डी टूटने की आशंका को देखते हुए बेहतर जांच और इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया.
Also Read : बेगूसराय में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 31 पेटी कोडीन सिरप के साथ दो गिरफ्तार
झगड़े के कारण परिवार से अलग रह रहा हूं : पिता
अस्पताल परिसर में मौजूद बच्ची के पिता गुड्डू कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी खुशबू कुमारी के साथ अक्सर घरेलू विवाद होता रहता है. इसी कारण वह अपने माता-पिता और भाइयों से अलग किराए के मकान में रह रहे हैं. गुड्डू कुमार ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान उनकी पत्नी ने गुस्से में आकर 6 माह की बेटी को उठाकर जमीन पर पटक दिया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने घर में रखे गैस सिलेंडर को पटककर आग लगाने की कोशिश की. दंपती का एक दो साल का बेटा भी है.
गुस्से में हो गया : आरोपी महिला
वहीं अस्पताल में मौजूद बच्ची की मां खुशबू कुमारी ने घटना को लेकर कहा कि यह सब गुस्से में हो गया. घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने भी बच्ची के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा की. मोहल्ले के जवाहर वर्मा सहित अन्य लोगों का कहना था कि घरेलू विवाद के दौरान मासूम बच्ची के साथ इस तरह का व्यवहार अमानवीय है. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
Also Read : त्योहारों से पहले चीनी के दाम ने छुआ आसमान, बेगूसराय में बढ़ती कीमतों से लोगों को लगा झटका
रात में थाने पहुंचा पीड़ित परिवार
पीड़ित परिवार बुधवार की रात करीब 10 बजे रजौली थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी. परिजनों के अनुसार, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर पहले बच्ची का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया. पिता गुड्डू कुमार ने बताया कि वह बच्ची को लेकर नवादा में बेहतर इलाज कराने की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मामले में थाने को लिखित शिकायत दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.
आवेदन मिलने पर होगी विधिसम्मत कार्रवाई : थानाध्यक्ष
इस संबंध में रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने कहा कि पीड़ित पिता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने पर मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए