मुजफ्फरपुर में साइकिल छीनने का विरोध करने पर चौथी के छात्र के सीने में घोंपी कैंची
पदमौल गांव में दिनदहाड़े एक निर्मम घटना सामने आई है. साइकिल छीनने के विरोध में नशेड़ी ने एक 9 वर्षीय छात्र के सीने में कैंची घोंप दी. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया.
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत फकुली थाना क्षेत्र के पदमौल गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. दिनदहाड़े एक नशेड़ी ने साइकिल छीनने का विरोध कर रहे नौ वर्षीय मासूम छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने छात्र के सीने पर कैंची से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
आपके शहर में
Student Attack: दादा को बुलाने जा रहे छात्र पर नशेड़ी का हमला
पीड़ित छात्र की पहचान दामोदरपुर निवासी भास्कर झा के 9 वर्षीय पुत्र सूर्यनारायण झा के रूप में हुई है, जो चौथी कक्षा का छात्र है. बताया जाता है कि सूर्यनारायण अपने दादा प्रमोद झा को पदमौल से बुलाने के लिए घर से साइकिल पर सवार होकर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में गांव के ही एक नशेड़ी युवक ने उसे रोक लिया और जबरन उसकी साइकिल छीनने का प्रयास करने लगा.
सिर पर मुक्का मारा, फिर सीने में घोंप दी कैंची
साइकिल छीनने का जब मासूम छात्र ने विरोध किया तो आरोपी ने आपा खो दिया. उसने पहले छात्र के सिर पर मुक्के से ताबड़तोड़ वार किए. इसके बावजूद जब छात्र ने अपनी साइकिल नहीं छोड़ी, तो आरोपी ने जेब से कैंची निकाली और सीधे उसके सीने में घोंप दी. सीने में कैंची लगते ही मासूम छात्र लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा.
ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोचा, जमकर कर दी पिटाई
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर छात्र की साइकिल लेकर अपने घर की ओर भागने लगा. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने जब बच्चे को लहूलुहान देखा तो तुरंत आरोपी का पीछा किया और उसे खदेड़कर धर दबोचा. उग्र भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया और फकुली थाना के हवाले कर दिया.
अस्पताल में भर्ती छात्र, आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
गंभीर रूप से घायल छात्र सूर्यनारायण को परिजनों ने तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं पिटाई से घायल आरोपी की पहचान पदमौल निवासी अमृत सहनी के रूप में हुई है, जिसका पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया गया. फकुली ओपी/थाना प्रभारी विष्णुकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए