RDS कॉलेज में 13.69 लाख का वित्तीय घोटाला, लेखापाल पर प्राथमिकी दर्ज
रामदयालु सिंह कॉलेज, मुजफ्फरपुर में 13.69 लाख रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है. कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर लेखापाल पंकज भूषण के खिलाफ गबन और रिकॉर्ड गायब करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह घोटाला 2017 से लंबित भुगतान और गायब की गई अग्रिम पंजिका से जुड़ा है.
RDS College financial scam: मुजफ्फरपुर के रामदयालु सिंह कॉलेज में 13 लाख 69 हजार 150 रुपये का बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है. कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर काजीमोहम्मदपुर थाने में लेखापाल पंकज भूषण के खिलाफ गबन और आधिकारिक रिकॉर्ड गायब करने की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
आपके शहर में
Muzaffarpur News: 180 दिनों की छुट्टी के बाद से बिना सूचना गायब
प्राचार्य द्वारा पुलिस को भेजे आवेदन के अनुसार, आरोपी लेखापाल पंकज भूषण 19 मई 2025 से चिकित्सा अवकाश पर थे. 180 दिनों का सवेतन अवकाश समाप्त होने के बाद 15 नवंबर 2025 से वे बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं. छुट्टी पर जाने से पहले उन्होंने कॉलेज से ली गयी अग्रिम राशि का न तो कोई हिसाब दिया और न ही प्रभार सौंपा.
मई 2017 से अब तक का हिसाब लंबित
डिजिटल अभिलेखों और बैंक विवरणों की जांच में खुलासा हुआ कि मई 2017 से अब तक आरोपी लेखापाल को विभिन्न मदों में करीब 18.50 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान किया गया था. इसमें से 13,69,150 रुपये का समायोजन आज तक नहीं कराया गया है.
कंप्यूटर लौटाया, पर अग्रिम पंजिका गायब
कॉलेज प्रशासन का आरोप है कि वित्तीय अनियमितता छिपाने की नीयत से आरोपी ने अग्रिम पंजिका को गायब कर दिया है. दबाव बनाने पर आरोपी ने 3 जुलाई 2026 को कॉलेज का पोर्टेबल कंप्यूटर तो लौटा दिया, लेकिन कागजी रिकॉर्ड अब भी गायब हैं. फिलहाल कंप्यूटर में मौजूद डिजिटल आंकड़ों की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए